
मुंबई। टीवी धारावाहिकों और रियलिटी शो के शौकीनों को जल्द राहत मिलती नहीं दिख रही। दर्शकों को अभी पुराने एपीसोड से ही काम चलाना होगा। एक दिन पहले हुए समझौते से नाखुश तकनीशियन और कर्मचारी फिर हड़ताल पर चले गए हैं।
टीवी इंडस्ट्री के विभिन्न संगठनों की ओर से फेडरेशन आफ वेस्टर्न इंडियन सिने एंप्लायज एसोसिएशन (एफडब्ल्यूआईसीई) द्वारा बुधवार को जारी एमओयू से कर्मचारी नाराज हैं। एफडब्ल्यूआईसीई ने निर्माताओं की कोर कमेटी और उनके संगठनों के साथ हुई बैठक के बाद यह एमओयू जारी किया था। इसके बाद शाम तक ऐसा माहौल दिख रहा था कि बृहस्पतिवार से शूटिंग शुरू हो जाएगी। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि बृहस्पतिवार रात से ही कुछ संगठनों की असंतुष्टि सामने आने लगी थी। साउंड रिकार्डिस्ट और कास्ट्यूम, मेकअप व हेयर आर्टिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार सुबह एफडब्ल्यूआईसीई के दफ्तर के सामने विरोध प्रदर्शन किया और एमओयू के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की। जिसके बाद एफडब्ल्यूआईसीई के सचिव दिनेश चतुर्वेदी ने शाम तक एमओयू निरस्त करने की घोषणा कर दी।
टीवी इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि सोमवार से पहले स्थिति स्पष्ट होने की संभावना नहीं है। यही नहीं, इस मसले पर अब फिल्म इंडस्ट्री के तकनीशियन और मजदूरों के बीच भी सुगबुगाहट देखी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अगर फिल्म निर्माताओं ने समय पर कदम नहीं उठाया तो उनके लिए भी हड़ताल भारी पड़ेगी।