
लंदन। बॉलीवुड बादशाह शाहरूख खान को दुबई के अटलांटिस पाम जुमेराह के उद्घाटन समारोह में एक्सक्लुसिव सुइट मिला है और इस मामले में उन्होंने हॉलीवुड की हस्तियों को भी पीछे छोड़ दिया। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार एक रात के लिए 18 लाख रुपये से अधिक का यह एक्सक्लुसिव सुइट मशहूर टेलीविजन प्रस्तोता ओपरा विनफ्रे को दिया जाना था, लेकिन जब उन्होंने खुद को समारोह से अलग कर लिया तब यह किंग खान के हिस्से में गया। पश्चिम एशिया में शाहरूख काफी लोकप्रिय अभिनेता हैं।
पत्र के अनुसार, हॉलीवुड दिग्गज और नोबु रेस्तरां चैन के पार्टनर राबर्ट डे नीरो को एक रात के लिए 11 लाख रुपये से अधिक का प्रेसिडेंशियल सुइट मिला है। दूसरी ओर, फिल्म स्टार लिंडसे लोहान और चार्लीज थेरोन को एक रात के सात लाख रुपये वाला सुइट मिला है। इस सुइट से खूबसूरत नजारे देखे जा सकते हैं। मानव निर्मित ताड़ के पेड़ के आकार का दुबई अटलांटिस पाम जुमेराह के उद्घाटन समारोह में दो हजार से अधिक फिल्मी सितारों, पाप स्टार सुपर माडल और अरबपतियों ने भाग लिया। समारोह में आस्ट्रेलिया की गायिका काईली मिनोगुए ने अपने 113 नृत्य ग्रुप के जरिए लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। काईली के कार्यक्रम के बाद कंप्यूटर निर्देशित 100 राकेट के साथ बड़े पैमाने पर आतिशबाजी की गई। आतिशबाजी बीजिंग ओलंपिक से सात गुणा बड़ा था।