
मुंबई। अपनी पहली फिल्म ओम शांति ओम से स्टारडम का शिखर सर कर चुकी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों अजीबोगरीब गेटअप में घूम रही हैं। पहली नजर में वह किसी चीनी सुंदरी जैसी दिखती हैं।
दरअसल दीपिका इन दिनों अपनी नई फिल्म चांदनी चौक टू चाइना के प्रोमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उन्होंने एक चाइनीज-गर्ल का रोल प्ले किया है। फिल्म में अपनी भूमिका के बारे में ज्यादा कुछ बताने के बजाय वह यह कहकर खुशी जाहिर करती हैं कि इस फिल्म में पहली बार उन्हें रियल हीरो अक्षय कुमार के साथ काम करने का अवसर मिला है। अक्षय अच्छे स्टंटमैन हैं। फिल्म में अक्षय के साथ उन्होंने भी कई खतरनाक स्टंट सीन किया है।
दीपिका बताती हैं कि कुछ खतरनाक स्टंट करते हुए वह काफी डरी हुई थीं मगर अक्षय ने उनके भीतर का डर खत्म कर अपना स्टंट खुद करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसलिए भी यह फिल्म उनके लिए खास होगी। अब आइए दीपिका पादुकोण के रोडीज प्रेम की बात करें। दरअसल दीपिका की इस नई फिल्म चांदनी चौक टू चाइना के साथ एम टीवी पर प्रसारित रियलिटी शो रोडीज का व्यावसायिक अनुबंध है। यही वजह है कि इन दिनों दीपिका सर्वत्र रोडीज के एडवेंचर की चर्चा करती फिर रही हैं। हालांकि वह दिल पर हाथ रखकर स्वीकारती भी हैं कि उन्हें शुरू से ही यह शो बहुत पसंद रहा है। इस शो में जो रोमांच है वह किसी दूसरे टीवी शो में नहीं। दीपिका रोडीज के नये सत्र की प्रशंसा करते हुए कहती हैं कि इस बार रोडीज के खिलाड़ी आस्ट्रेलिया के खतरनाक जंगलों, पहाड़ों, शार्क और मगरमच्छ से भरे समुद्री भागों का भ्रमण करेंगे। जिसका लुत्फ हम ड्राइंग रूम में बैठकर उठा सकेंगे। रोडीज के साथ चांदनी चौक टू. के संबंधों की बात चलती है तो दीपिका बताती हैं, चांदनी चौक. की कहानी भी रोडीज के रोमांचकारी सफर जैसी है। जिसे फिल्म के पर्दे पर देखा जा सकता है।
क्या दीपिका अक्षय कुमार के साथ रोडीज के लिए आस्ट्रेलिया ट्रिप पर भी जायेंगी? दीपिका का जवाब होता है, रोडीज के रोमांचक कारनामों को नंगी आंखों से देखने की लालसा तो बहुत है। मगर शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए मुश्किल लगता है। अक्षय जाएंगे या नहीं? इस सवाल का जवाब तो वही दे सकते हैं। अलबत्ता रोडीज के सारे एपीसोड देखने की कोशिश वह जरूर करेंगी।
-राजेश श्रीवास्तव