
मुंबई। अब जल्द ही अमिताभ बच्चन के सुर में सुर मिला कर हनुमान चालीसा का पाठ किया जा सकेगा। बिग बी के आवाज में हुनमान चालीसा का आडियो-वीडियो जल्द ही बाजार में आने वाला है। संगीतकार आदेश श्रीवास्तव के निर्देशन में महानायक अमिताभ बच्चन ने हनुमान चालीसा का पाठ किया है। मधुशाला जैसी कालजयी कृति के रचनाकार अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की जन्मशती की पूर्व संध्या पर दैनिक जागरण से खास मुलाकात में बिग बी ने यह बात बताई।
उन्होंने कहा कि इन दिनों वह अपने पिता की स्मृतियों को संजोने में लगे हैं। इस कड़ी में वह अपने पिता द्वारा किए गए श्रीमद्भागवत गीता के अनुवाद जनगीता को भी स्वर देंगे। हरिवंश राय बच्चन ने लोकशैली में जनगीता की रचना की थी, ताकि साधारण जन भी गीता के मर्म और संदेश को समझ सके। अमिताभ ने बताया कि जनगीता को मैं स्वर दूंगा। आदेश उसे संगीतबद्ध करेंगे। इसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई सुपरिचित गायक भी अपनी आवाज देंगे।
मां के देहावसान के कारण बिग बी इस बार हरिवंश राय बच्चन की जन्मशती पर कोई सार्वजनिक समारोह नहीं कर रहे हैं। अमिताभ ने कहा कि घर में सामान्य पूजा होगी। उन्हें याद करने के बाद मैं काम पर चला जाऊंगा। पिता की स्मृतियों के संरक्षण के संदर्भ में पूछने पर उन्होंने कहा कि मैंने बहुत से लोगों से मुलाकात की है। इच्छा है कि उनकी स्मृति में कोई संस्था दिल्ली या उत्तर प्रदेश में खुल सके, जहां उन पर और साहित्य पर रिसर्च की सुविधाएं हों।
-अजय ब्रह्मात्मज