
मुंबई। अभिनेता, निर्माता, निर्देशक आमिर खान सुलझे हुए ड्रमर भी हैं। आमिर की यह छिपी प्रतिभा जी टीवी के रियलिटी कार्यक्रम सा रे गा मा पा की शूटिंग के दौरान प्रकाश में आई। दरअसल, ऑस्कर में भारत की आधिकारिक प्रवृष्टि के लिए तारे जमीं पर का चयन किए जाने की खुशी बांटने के लिए आमिर ने सा रे गा मा पा के मंच पर अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की शूटिंग के दौरान निर्णायक-दल के सदस्य आदेश श्रीवास्तव ने आमिर से आग्रह किया कि वे ड्रम बजाएं। आमिर ने इस आग्रह को स्वीकार कर ड्रम पर अपने हाथों का जादू कुछ यूं चलाया कि सेट पर मौजूद सभी लोग चकित हो गए। ..और यूं सा रे गा मा पा का मंच बना आमिर की इस छिपी प्रतिभा का गवाह। एक लम्हा ऐसा भी आया जब आदेश श्रीवास्तव निर्णायक-दल के सहयोगी सदस्य शंकर महादेवन के साथ पापा कहते हैं.. गीत गा रहे थे और आमिर ड्रम पर उनका साथ दे रहे थे।
इस संगीतमय कार्यक्रम में कोलकाता के प्रतिभागी देबोजीत दत्ता से रू-ब-रू होकर आमिर भावुक हो गए। देबोजीत में आमिर को तारे जमीं पर के ईशान की छवि दिखी। तारे जमीं पर के निकुंभ सर की छवि को स्वयं को समाहित करते हुए आमिर ने मंदबुद्धि देबोजीत का हौसला बढ़ाया। आगामी शनिवार को प्रसारित होने वाली सा रे गा मा पा की कड़ी में आमिर खान के व्यक्तित्व के इन अनछुए पहलुओं से दर्शक परिचित हो सकेंगे ।
-सौम्या अपराजिता