
मुंबई। बॉलीवुड निर्माता और निर्देशक विक्रम भट्ट ने मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की तुलना सन 1919 के जलियावालां बाग कांड से करते हुए कहा है कि इस विषय पर फिल्म बनाना ठीक नहीं होगा।
भट्ट ने कहा कि मुंबई हमलों पर फिल्म बनाना एक बुरी योजना है। यह पराजय की कहानी है और कोई भी इस पर बनी फिल्म को देखना नहीं चाहेगा। भट्ट ने कहा कि भले ही सुरक्षा बलों के हाथों आतंकवादी पराजित हुए लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आतंकवादी हमलों में लगभग 200 लोगों ने अपनी जान गंवाई। भट्ट ने कहा कि हम इसे विजय नहीं कह सकते हैं। आतंकवादी मरने के लिए तैयार थे, इसलिए यह जीत नहीं है। यदि छत्रपति शिवाजी स्टेशन पर आतंकवादी मारे जाते तो मैं इसे जीत कहता, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
देश में अब तक के सबसे बड़े आतंकवादी हमलों से मुंबई दहल उठी थी। भट्ट ने कहा कि उस रात को वे कभी नहीं भूल पाएंगे।