
वाशिंगटन। बॉलीवुड के ख्याति प्राप्त संगीतकार ए.आर.रहमान का कहना है कि ब्रिटिश निर्देशक डैनी बॉयल को भारत से बेहद प्यार है।
रहमान ने कहा कि बॉयल को भारत में मुंबई सहित यहां की सभी छोटी-बड़ी चीजों से बेहद प्यार है। बॉयल के निर्देशन में बनी फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर का संगीत रहमान ने तैयार किया है। उन्होंने कहा कि फिल्म के संगीत के विषय में हम लोगों ने लगभग दो महीने तक बातचीत की लेकिन मुझे इसका संगीत जल्द पूरा करना पड़ा, क्योंकि बॉयल अगस्त महीने से फिल्म की मिक्सिंग करना चाहते थे। रहमान ने बताया कि वे कई लोगों के साथ काम कर चुके हैं, लेकिन बॉयल उनमें से काफी अलग हैं। वे किसी काम में एक मित्र की तरह सहयोग करते हैं और भारत के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी पाने के लिए उत्सुक रहते हैं।
यह फिल्म मुंबई की मलिन बस्ती में रहने वाले एक 18 वर्षीय यतीम युवक की कहानी पर आधारित है जो कौन बनेगा करोड़पति शो के माध्यम से दो करोड़ रुपये जीत लेता है। रहमान को इस फिल्म के लिए गोल्डन ग्लोब के बेस्ट ऑरिजनल स्कोर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। अब तक रहमान 100 से अधिक हिन्दी फिल्मों में संगीत दे चुके हैं, लेकिन फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर में संगीत देना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी।