
मुंबई। डेविड धवन की अगली फिल्म में उनके पार्टनर जॉन अब्राहम होंगे। वह यूटीवी मोशन पिक्चर्स की फिल्म हुक या क्रूक का निर्देशन करने जा रहे हैं। यूटीवी मोशन पिक्चर्स ने बताया कि धवन के साथ उनकी 2007 में बनाई गई फिल्म पार्टनर ने बॉक्स ऑफिस में अच्छा कारोबार किया था। नई फिल्म की शूटिंग जनवरी 2009 से शुरु हो जाएगी।
हुक या क्रूक की कहानी रंग दे बसंती के पुरस्कार विजेता लेखक रेंसिल डिसूजा ने लिखी है और इसमें जॉन अब्राहम और जेनेलिया डिसूजा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ऐसी खबर है कि इस फिल्म भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एम. एस. धोनी भी नजर आएंगे। हालांकि यूटीवी मोशन पिक्चर्स के सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि नहीं की है। यूटीवी मोशन पिक्चर्स की अल्पना मिश्रा ने बताया कि कंपनी डेविड के साथ जुड़कर काफी उत्साहित है और इस रिश्ते को मजबूत करने के लिए हुक या क्रूक बेहतरीन मंच है। उन्होंने कहा कि जॉन की गोल के बाद यूटीवी मोशन पिक्चर्स के साथ यह दूसरी फिल्म है। उन्होंने बताया कि हम फिल्म की शूटिंग दस जनवरी तक शुरू कर देंगे।
हमारा पहला शेड्यूल मुंबई में होगा और बाद में हैदराबाद में जहां हमने विशाल सेट का निर्माण शुरू कर दिया हैं। वहीं डेविड धवन ने कहा कि मैं इस परियोजना को लेकर काफी उत्साहित हूं। यह अलग फिल्म है और मेरे लिए चुनौतीपूर्ण है। नए साल में इसकी शुरुआत करना मेरे लिए बेहतर है।