
नई दिल्ली। युवा दिलों की धड़कन और बच्चों के आदर्श बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के अनुसार बॉलीवुड में तीन इडियट्स आमिर, सलमान और शाहरुख हैं, जिसमें शाहरुख खान तीन नंबर के इडियट् हैं।
फिल्म गजनी के प्रचार के सिलसिले में राजधानी दिल्ली आए आमिर खान ने बॉलीवुड में नंबर की दौड़ प्रतिस्पर्धा जारी रखते हुए कहा कि वास्तव में बॉलीवुड में तीन इडिएट्स खान हैं और शाहरुख खान तीसरे नंबर पर हैं। आमिर ने शायद इस जुमले का इस्तेमाल बॉलीवुड स्टारडम में तीनों खान अभिनेताओं का क्रम बताने में किया। गजनी के बाद आमिर की आने वाली अगली फिल्म थ्री इडियट्स है जिसके निर्माता विधु विनाद चोपड़ा और निर्देशक राजकुमार हिरानी हैं। शाहरुख के साथ विवाद के बारे में पूछे गए सवाल पर आमिर ने कहा कि मेरी इतनी जुर्रत कहां की मैं शाहरुख से लड़ाई करू। शाहरुख मेरे अच्छे दोस्त हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं। उनसे लड़ाई करने की मेरी जुर्रत कहां। शाहरुख के साथ फिल्म में काम करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जैसा कि मैंने पहले कहा है कि शाहरुख मेरे अच्छे दोस्त हैं, मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं। अब शाहरुख मेरे साथ क्यों काम नहीं करना चाहते इसका जवाब तो शाहरुख ही दे सकते हैं। आमिर ने कहा कि गजनी की पूरी कहानी 15 मिनट की मेरी याददाश्त पर आधारित है। इस फिल्म की कहानी का इतना प्रभाव पड़ा की मेरी आदत भूलने की हो गई, जिससे मेरे निर्देशक नाराज रहते थे।
उन्होंने कहा कि गजनी के बाद मेरी आने वाली फिल्म थ्री इडियट्स है। इस फिल्म का निर्देशन मुन्नाभाई वाले निर्देशक राजकुमार हिरानी कर रहे हैं। इस फिल्म में तीन इडियट् मैं, माधवन और शरमन जोशी है, जो करीना के पीछे पड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेरी खुशकिस्मती है कि मैं राजकुमार हिरानी के साथ काम कर रहा हूं। उनकी फिल्म मुन्नाभाई, मेरी पसंदीदा फिल्मों में रही है। थ्री इडियट्स में पहले काजोल को लिए जाने के बारे में सवाल किए जाने पर आमिर ने कहा कि हां, पहले काजोल को फिल्म में लिया जाना था, लेकिन किसी कारण से वह इसके लिए समय नहीं निकाल सकी। थ्री इडियट्स में काजोल की जगह यह भूमिका अब करीना निभा रही हैं। फिल्म में शर्ट उतारने से जुड़े सवाल पर आमिर ने कहा कि शर्ट उतारना सलमान खान का काम है, मेरा नहीं। आमिर की फिल्म गजनी 25 दिसंबर को पर्दे पर आ रही है।