औसत रहा 2008, अक्षय-कैटरीना ने मचाई धूम

औसत रहा 2008, अक्षय-कैटरीना ने मचाई धूम

नई दिल्ली। पिछले साल कई बेहतरीन फिल्में देने वाला हिन्दी फिल्म उद्योग वर्ष 2008 में स्तरीय कहानियों के अभाव से जूझता रहा जिसमें भारी अपेक्षाओं और बड़े सितारों के साथ बनी कई फिल्में बॉक्स आफिस पर औंधे मुंह गिरी। अक्षय कुमार बॉलीवुड के नये किंग के रूप में उभरे तो नायिकाओं में बाजी मारी कैटरीना कैफ ने।

नमस्ते लंदन, हे बेबी, वेलकम और भूल भुलैया के हिट सिलसिले को बरकरार रखते हुए अक्षय ने इस साल सबसे बड़ी हिट सिंग इज किंग दी। पंजाब के पुत्तर बने अक्षय और उनकी मनपसंद नायिका कैटरीना के अभिनय से सजी इस फिल्म ने करीब 120 करोड़ रुपये कमाये।

कैटरीना ने नंबर वन की रेस में एक कदम और बढाते हुए रेस के रूप में दूसरी हिट दी। अब्बास मस्तान की इस सस्पैंस थ्रिलर ने करीब सौ करोड़ रुपये कमाये। बच्चन परिवार की बहू के रूप में ऐश्वर्य पहली बार दर्शकों के सामने आई महारानी जोधा के रूप में। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी आशुतोष गोवारीकर की जोधा अकबर में रितिक रोशन और ऐश्वर्य की जोड़ी फिर दर्शकों को पसंद आई। शाहरुख खान और आदित्य चोपड़ा की जोड़ी की रब ने बना दी जोड़ी ने पहले सप्ताह करीब 50 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया। इस फिल्म में मध्यमवर्गीय सुरिंदर साहनी के किरदार में शाहरुख का एक अलग ही रूप देखने को मिला।

बॉलीवुड को इस साल इमरान खान और फरहान अख्तर के रूप में दो प्रतिभाशाली सितारे भी मिले। जाने तू या जाने ना से प्यार की नई परिभाषा गढने वाले इमरान ने किडनैप में बदले की आग में जलते एक किरदार को निभाकर साबित कर दिया कि अभिनय कौशल उन्हें अपने मामा आमिर खान से विरासत में मिला है। निर्माता निर्देशक और अब अभिनेता फरहान की रॉक आनअप्रत्याशित सफलता हासिल करने वाली फिल्मों में से रही। समानांतर सिनेमा के पुरोधा श्याम बेनेगल ने अपनी ट्रेडमार्क संजीदा फिल्मों से हटकर वेलकम टू सज्जनपुर बनाई। ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बनी इस कॉमेडी को वर्ष की चुनिंदा हिट फिल्मों में गिना जा सकता है।

रोहित शेट्टी की गोलमाल रिर्टन्स ने भी सौ करोड़ रुपये से अधिकका कारोबार किया। पिछले साल जब वी मेट से तमाम पुरस्कार बटोरने वाली करीना कपूर की यह एकमात्र सफल फिल्म रही। शाहिद कपूर से उनका अलगाव सैफ अली खान से प्रेम प्रसंग और साइज जीरो ही अधिक चर्चा में रहे। सैफ और करीना की जोड़ी को टशन में दर्शकों ने पूरी तरह नकार दिया।

क्रिकेट और मैच फिक्सिंग की पृष्ठभूमि पर मोहित सूरी की जन्नत कामयाब रही और इसका संगीत भी काफी सराहा गया। संजय लीला भंसाली की सुपरफ्लाप सांवरिया से शुरुआत करने वाले रणबीर कपूर ने बचना ऐ हसीनो के जरिये अपने कैरियर ग्राफ को संभाला। चांदनी बार, पेज थ्री और ट्रैफिक सिगनल के लिये राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले निर्देशक मधुर भंडारकर की फैशन भी सुर्खियों में रही। जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन की दोस्ताना सफल तो रही लेकिन समलैंगिकता जैसे बिंदास विषय को उठाने के लिये निर्माता करण जौहर को काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी। लीक से हटकर फिल्मों में नसींरुद्दीन शाह और अनुपम खेर की द वेडनसडे भी रही जिसे समीक्षकों के साथ दर्शकों से भी दाद मिली।

गोल्डी बहल की अभिषेक बच्चन अभिनीत द्रोणा, रामगोपाल वर्मा की सरकार राज, सुभाष घई की युवराज और हैरी बावेजा की 2050 ए लव स्टोरी साल की सबसे महत्वाकांक्षी लेकिन नाकाम फिल्मों में से रहीं। पुनर्जन्म पर बनी कर्ज का हिमेश रेशमिया मार्का रीमेक दर्शकों को रास नहीं आया।

संजय दत्त की ईएमआई, रानी मुखर्जी की थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक और अमिताभ बच्चन की भूतनाथ भी नहीं चल सकीं। जोधा अकबर में जोधाबाई को अकबर की पत्नी बताने पर राजस्थान में फिल्म के खिलाफ जबर्दस्त प्रदर्शन हुआ। वहीं गैर मराठी विरोधी मोर्चा खोलने वाले राज ठाकरे और जया बच्चन के बीच वाक्युद्घ भी चर्चा में रहा। आमिर खान और शाहरुख खान के एक दूसरे पर वाक्बाण छोड़ने का सिलसिला इस साल भी जारी रहा।

अपने जन्मदिन के दिन बिग बी बीमार हुए तो पूरे देश में दुआओं का दौर चल पड़ा। उन्हें इससे पहले फ्रांस सरकार और शाहरुख खान को मलेशिया सरकार ने सम्मानित किया। ऐश्वर्य की बहुप्रतीक्षित क्रासओवर फिल्म पिंक पैंथर इस साल प्रदर्शित हुई। वहीं डैनी बोयल की स्लमडॉग मिलैनियर के लिये ए आर रहमान को गोल्डन ग्लोब नामांकन मिला।

मशहूर फिल्मकार बलदेव राज चोपड़ा का इस साल निधन हो गया। आने वाले समय में आमिर खान की गजनी, अक्षय कुमार की चांदनी चौक टू चाइना और कमबख्त इश्क, सलमान खान और अजय देवगन की लंदन ड्रीम्स और अभिषेक बच्चन की दिल्ली सिक्स से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:4.333334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2010 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित