असभ्य है भारतीय मीडिया: अमिताभ

असभ्य है भारतीय मीडिया: अमिताभ

मुंबई। महानायक अमिताभ बच्चन ने भारतीय मीडिया की तीखी आलोचना करते हुए उसे असभ्य बताया है। पश्चिमी मीडिया को संयमित व शालीन बताते हुए अमिताभ ने कहा कि हमारे देश के पत्रकार बाइट के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं। सैकड़ों कैमरे व आपकी नाक से कुछ मिलीमीटर दूर माइक्रोफोन लगाने की कोशिश की जाती है। लेकिन आप उन्हें कुछ नहीं कह सकते।

बिग बी शनिवार को अपने 40 साल के फिल्मी करियर पर तैयार बच्चनलिया के विमोचन के लिए टाटा थिएटर गए थे। वहां मौजूद मीडिया का जिक्र करते हुए उन्होंने अपने ब्लॉग में ये बातें लिखी हैं। उन्होंने लिखा कि नामचीन हस्तियों को देखते ही मीडिया का हुजूम उनके पीछे दौड़ पड़ता है। वे चिल्ला-चिल्ला कर आपसे सवाल पूछते हैं। अमिताभ ने पिछले साल संपन्न कांस फिल्म महोत्सव का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि वहां का मीडिया शालीन और संयमित व्यवहार करता है। वहां के पत्रकार कभी औपचारिकता का उल्लंघन नहीं करते। उनकी बोलने की शैली विनम्र होती है। टाटा थिएटर में महानायक के 40 साल के फिल्मी करियर की झलक पोस्टर और फिल्मों के जरिए दिखाई गई।

वह लिखते हैं, जमीन पर लाल कालीन बिछा था। सभी कुछ व्यवस्थित और सुंदर था। तभी अचानक सब कुछ अव्यवस्थित हो गया। पत्रकार बाइट लेने के लिए चार सौ कैमरे और माइक्रोफोन नाक से कुछ मिलीमीटर की दूरी पर लगाना चाहते थे। रास्ते में आए हर किसी को धकियाकर वे स्टेज के सामने खड़े थे। उन्हें एहसास ही नहीं होता कि पीछे अतिथि भी बैठे हैं। उन्होंने लिखा है कि हमारे यहां पत्रकार आपका रास्ता, आपकी कार रोक लेते हैं। लेकिन निंदा तो दूर आप उनके खिलाफ बोल भी नहीं सकते।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(10) वोट का औसत

average:4.6
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित