
नई दिल्ली। दर्शकों की वाहवाही लूटने वाली फिल्म ए वेडनसडे में सख्तमिजाज पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा चुके जिमी शेरगिल अब आने वाली फिल्म जॉनी मस्ताना में दब्बू पति की भूमिका में दिखेंगे।
निर्देशक सुजीत सरकार के साथ जिमी की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले उन्होंने सरकार के निर्देशन में भारतीय सैनिक तथा कश्मीरी युवती की प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म यहां में काम किया था। जिमी ने बताया मैं अपनी आगामी फिल्म जॉनी मस्ताना में एक गुलाम पति के तौर पर दिखूंगा। सुजीत के साथ यह मेरी दूसरी फिल्म है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन सारिका और दिया मिर्जा भी दिखेंगे।
ए वेडनसडे के बाद जिमी की आने वाली फिल्मों में अंजुम रिजवी की फ्लैट के अलावा जॉनी मस्ताना और मुंबई कटिंग हैं। मुंबई कटिंग में राष्ट्रीय अवार्ड विजेता निर्देशकों की 11 छोटी-छोटी फिल्मों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा मैं राहुल ढोलकिया निर्देशित एक लघुफिल्म में सूत्रधार की भूमिका में हूं। ए वेडनसडे के लिए जिमी को हाल ही में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का वी.शांताराम अवार्ड मिल चुका है। जिमी के 13 साल के अभिनय कैरियर में यह उनका पहला अवार्ड है।
जिमी ने कहा 13 साल के कैरियर में यह मेरा पहला अवार्ड है। जब मेरा नामांकन हुआ तो मुझे विश्वास नहीं हुआ लेकिन पुरस्कार जीतना तो और भी आश्चर्यजनक था। जिमी ने मोहब्बतें, हासिल और मुन्नाभाई एमबीबीएस आदि फिल्मों में दमदार भूमिका की है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा मुझे हमेशा आश्चर्य होता था कि 13 साल के कैरियर के बाद भी मुझे कभी कोई अवार्ड क्यों नहीं मिला। शायद वे मुझे लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड देना चाह रहे हो।