
नई दिल्ली। अपनी नई फिल्म राज- द मिस्ट्री कंटिन्यूज में एक विलक्षण चित्रकार का किरदार अदा करने वाले अभिनेता इमरान हाशमी फिल्म में नए चेहरे अध्ययन सुमन और कंगना राणावत की ऑनस्क्रीन कैमेस्ट्री से बेहद प्रभावित हैं।
हाशमी ने कहा कंगना एक पेशेवर अभिनेत्री हैं और हमने पहले भी फिल्मों में साथ-साथ काम किया है। अध्ययन भी अच्छे अभिनेता हैं इसलिये सब कुछ बहुत अच्छे ढंग से हुआ। कंगना और अध्ययन की ऑनस्क्रीन कैमेस्ट्री तो गजब की थी।
अध्ययन की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह भविष्य में एक बेहतरीन अभिनेता साबित होंगे। जल्द रिलीज होने जा रही राज- द मिस्ट्री कंटिन्यूज के बारे में हाशमी ने विश्वास व्यक्त किया कि अलौकिक शक्ति पर आधारित यह फिल्म कई साल पहले रिलीज हुई अपनी हमनाम फिल्म राज की तरह ही हिट होगी।
उन्होंने कहा मुझे विश्वास है कि फिल्म बड़ी हिट साबित होगी। लोग अच्छी फिल्म देखना चाहते हैं और राज- द मिस्ट्री की ताजा कहानी अन्य हॉरर फिल्मों से बिल्कुल अलग है।
गौरतलब है कि वर्ष 2004 में आई डिनो मोरिया और बिपाशा बसु अभिनीत और विक्रम भट्ट द्वारा निर्देशित फिल्म राज उस साल की सबसे बड़ी हिट साबित हुई थी। तकरीबन इसी नाम से बनी नई फिल्म में इमरान हाशमी, अध्ययन सुमन और कंगना राणावत प्रमुख भूमिका में हैं। हालांकि भट्ट इसे स्वनिर्देशित फिल्म राज का सीक्वल मानने से इंकार करते रहे हैं।
बॉलीवुड में सीरियल किसर की छवि रखने वाले हाशमी अपनी अगली फिल्म तुम मिले में भी चित्रकार के किरदार में नजर आएंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या अलग भूमिकाएं करके वह अपनी पुरानी छवि को बदलने की कोशिश कर रहे हैं हाशमी ने कहा मैं दोनों फिल्मों में चित्रकार की भूमिका अदा कर रहा हूं मगर दोनों किरदार एक दूसरे से अलग हैं। उन्होंने कहा मैं अपनी छवि बदलने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। दरअसल मेरी छवि मीडिया की देन हैं।