
वाशिंगटन। ब्रिटिश निर्देशक डैनी बॉएल की फिल्म स्लमडॉग मिलियनेर को प्रोडयूसर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका (पीजीए) ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार के लिए नामंाकित किया है।
उत्तरी अमेरिका में स्लमडॉग मिलियनेर फिल्म को टॉप 10 में शामिल किया गया है। फिल्म आठ हफ्तों में 2.87 करोड़ डॉलर की कमाई कर चुकी है। पीजीए द्वारा सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नामंाकित होने के बाद स्लमडॉग मिलियनेर से ऑस्कर के लिए भी उम्मीद की जाने लगी है।
पिछले वर्ष पीजीए द्वारा नामित पांच सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में चार ने अकेडमी अवार्ड जीतने में कामयाबी हासिल की थी। पीजीए 24 जनवरी को विजेता फिल्मों के नामों की घोषणा करेगी।
स्लमडॉग मिलियनेर फिल्म की शूटिंग मुंबई में की गई थी। फिल्म की कहानी एक 18 वर्षीय अनाथ लड़के की है, जो कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में दो करोड़ रुपये जीत जाता है।