
मुंबई। बढ़ती उम्र और तमाम अटकलों से बेअसर मेगास्टार अमिताभ बच्चन काम में तन्मयता से जुटे हैं। आने वाले समय में उनकी व्यस्तता और बढ़ जाएगी।
बिग बी ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि पेरिस के द सलोन दू सिनेमा ने उनसे संपर्क किया है। वह पेरिस में उनकी फिल्मों का पुनरावलोकन सत्र आयोजित कर रहा है। उसी दौरान अभिषेक और ऐश्वर्या की कुछ फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
अमिताभ ने लिखा है एक बार फिर हम लोग एक साथ होंगे। यह कल्पना मुझे सम्मान से अधिक रोमांचित कर रही है। इसके बाद बारी है दावोस की जहां सलोन के आयोजन के कुछ ही दिन बाद अमिताभ को जाना है। उन्होंने लिखा है इकानोमिक फोरम ने भारतीय सिनेमा में मेरे योगदान को मान्यता देते हुए मेरा सम्मान करने की इच्छा जताई है। मुझे स्विटजरलैंड के अल्पचर्चित शहर दावोस में शून्य से भी कम तापमान में सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद अमिताभ संभवत: न्यूयार्क जाएंगे। न्यूयार्क में ऐश्वर्या की फिल्म पिंक पैंथर 2 का प्रीमियर होगा और उसी दौरान अभिषेकका जन्मदिन भी होगा। अमिताभ दोनों ही मौकों पर मौजूद रहना चाहते हैं।
कानूनी विवादों में घिरी रामगोपाल वर्मा की फिल्म शूबाइट का नाम बदल कर जॉनी मस्ताना कर दिया गया है। बिग बी ने उम्मीद जताई है कि इस फिल्म को लेकर चल रहा विवाद फरवरी तक खत्म हो जाएगा और इसकी शूटिंग शुरु हो जाएगी। इसके लिए अमिताभ को लास एंजिल्स जाना होगा।