
मुंबई। छोटे पर्दे पर अब क्रिकेट सितारों का भी जलवा बढ़ता नजर आ रहा है। शाहरुख खान केएक बेहद करीबी सूत्र के अनुसार शाहरुख खान के होम प्रोडक्शन रेड चिली एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत एन डी टीवी पर शुरु हो रहे रियलिटी शो नाइट्स एंड एंजिल्स में सौरव गांगुली जज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। मार्च माह से शुरु होने वाले इस छ: सप्ताह की अवधि वाले रियलिटी शो के लिए भारत के कोने-कोने से लगभग साठ खूबसूरत लड़कियां चुनी गयी हैं। इन लड़कियों को हिंदी सिनेमा के नामचीन कोरियोग्राफर श्यामक डावर एक खास शैली के नृत्य की ट्रेनिंग दे रहे हैं। इस रियलिटी शो के लिए दो और जज नियुक्त किये जाने की भी खबर है।, जिसमें एक जज हिंदी सिनेमा की नामचीन अभिनेत्री होंगी। इसके लिए काजोल और जूही के नामों की खास चर्चा है। ज्ञात हो कि शो में विजेता लड़कियां अप्रैल माह से शुरु हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में कोलकाता नाइट रायडर्स के मैचों मैचों में खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन करेंगी। ध्यान रहे कि सौरव गांगुली शाहरुख खान की कोलकाता नाइट रायडर्स टीम के कप्तान भी हैं।
-राजेश श्रीवास्तव