
मुंबई। वर्ष 1974 की हिट हिन्दी फिल्म रजनीगंधा की नायिका विद्या सिन्हा ने दो दशकों से अधिक के अंतराल के बाद फिल्मों में फिर से अभिनय शुरु किया है।
वह अविनाश चित्रांश द्वारा निर्देशित की जा रही फिल्म फ्रांस. एक जासूस की कहानी में पाकिस्तान जाकर भारत के लिए जासूसी करते हुए अपनी जान गंवा देने वाले नायक की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।
छोटी सी बात जैसी कई फिल्मों में नायिका रही विद्या सिन्हा की आखिरी हिट फिल्म पति पत्नी और वो थी जिसमें वह संजीव कुमार की नायिका बनी थी, पर उन्होंने अपनी पुत्री जान्हवी के लालन-पालन के लिए 1980 के दशक में अभिनय छोड़ दिया था। हाल में उन्होंने फिर से अभिनय की दुनिया में लौटने का निर्णय किया और वह काव्यांजलि समेत कुछ टेलीविजन धारावाहिकों में नजर आई।