अनिल ने एनजीओ को दान किया मेहनताना

अनिल ने एनजीओ को दान किया मेहनताना

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्म स्लमडाग मिलियनेयर में गेम के शो के मेजबान की भूमिका अदा करने के एवज मिले पैसे बच्चों के कल्याण के लिए काम करने वाले दिल्ली के एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) को दान कर दिए हैं।

अनिल ने कहा कि मैं मानवीय जरूरतों को पूरा करने में हर मुमकिन मदद करना चाहता हूं। एक कोशिश के तहत मैंने स्लमडाग मिलियनेयर में किरदार अदा करने के एवज में मिला मेहनताना फिल्म रिलीज होने और सराहे जाने से पहले ही एक एनजीओ को दान कर दिया था। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि इन पैसों से जिन बच्चों को फायदा मिला उनकी दुआ का फिल्म की कामयाबी में बहुत बड़ा योगदान है।

अनिल ने स्लमडाग मिलियनेयर में मुंबई की मलिन बस्तियों की स्याह सचाई और गरीबी को दिखाए जाने को लेकर कुछ वर्गों द्वारा फिल्म की आलोचना का विरोध करते हुए कहा कि हम एक लोकतांत्रिक देश के नागरिक हैं और हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का हक है। एक छोटा वर्ग ही फिल्म की आलोचना कर रहा है जिस पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्लमडाग मिलियनेयर एक अनूठी कृति है। हमें सच का सामना करना चाहिए। यह फिल्म सभी को अच्छी लगेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या एक विदेशी के निर्देशन में बनने की वजह से फिल्म की आलोचना की जा रही है तो अनिल ने कहा कि फिल्म की कामयाबी की वजह से ही इसकी आलोचना हो रही है। स्लमडाग मिलियनेयर आगामी 23 जनवरी को भारत में रिलीज होगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित