
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन का कहना है कि अपनी उम्र को देखते हुए अब वे ऐसे किरदार निभाएंगी जो वास्तव में उन पर जंचें।
रवीना ने कहा, मैं यथार्थवादी हूं। इसी कारण मैं अपनी उम्र के हिसाब से फिल्मों में अपने लिए किरदार स्वीकार करती हूं। दरअसल मैं यह नहीं चाहती हूं कि मेरी फिल्मों को देखकर मेरे बच्चे शर्मिदा हों। मैं चाहती हूं कि वे मुझ पर गर्व करें।
रवीना इन दिनों जस्ट आपके लिए फिल्म कर रही हैं। हालांकि उन्होंने फिल्म के बारे में कुछ भी नहीं बताया। बॉलीवुड में लंबे समय तक दर्शकों को अपनी फिल्मों से बांधने वाली रवीना ने वर्ष 2004 में फिल्म वितरक अनिल थडानी से शादी की थी। दोनों की एक तीन वर्षीय बेटी और एक डेढ़ वर्ष का बेटा भी है। रवीना ने कहा कि वह अब परिवार के साथ अधिक समय बिताती है और अधिकतर समय अपने बच्चों के साथ खेलती हैं।