
नई दिल्ली। मशहूर फिल्म अभिनेत्री जूही चावला जोया अख्तर की फिल्म लक बाई चांस में सुनहरे बालों में दिखेंगी।
इससे पहले रवि चोपड़ा की फिल्म भूतनाथ में नजर आई जूही ने कहा, यह भूमिका निभाना वाकई मजेदार अनुभव था। मुझे अपने बालों को सुनहरे रंग में रंगने का मौका मिला जो मैंने इससे पहले कभी नहीं किया था।
जूही ने कहा, जब जोया ने मुझे यह भूमिका करने का प्रस्ताव दिया तो मैं रोमांचित हो गई थी। यह बड़ी भूमिका नहीं थी लेकिन यह फिल्म की अन्य भूमिकाओं से काफी अलग थी।
लक बाई चांस निर्देशक के रूप में जोया अख्तर का पहला प्रयास है और यह फिल्म आगामी 30 जनवरी को प्रदर्शित होगी। फिल्म में उनके भाई फरहान अख्तर और कोंकणा सेन ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं जबकि रितिक रोशन इसमें मेहमान भूमिका में दिखेंगे।