
चेन्नई। बॉक्स आफिस पर धमाल मचाने वाली आमिर खान अभिनीत गजनी ने अपने रिलीज के महज 23 दिनों के भीतर देशभर में कुल 104 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। वहीं फिल्म ने विदेश में करीब 15 लाख डालर (करीब सात करोड़ रुपये) की कमाई की है।
गीता आर्ट्स के निदेशक सी एच रविकुमार ने मद्रास हाईकोर्ट में मंगलवार को दायर हलफनामे में ये बातें कहीं। गीता आर्ट्स ने ही हिंदी में गजनी का निर्माण किया है। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच भारत में फिल्म के वितरकों (थिएटर) की कमाई 104 करोड़ रुपये से अधिक रही। विदेशी वितरकों की कमाई 24 दिसंबर से 31 दिसंबर के बीच करीब सात करोड़ रुपये रही। हलफनामे में बताया गया है कि विदेशों में फिल्म की कमाई का यह आंकड़ा करीब 20 देशों का है। इसमें खाड़ी देश, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी, मारिशस, दक्षिण अफ्रीका, बेल्जियम, नीदरलैंड्स, जर्मनी, नार्वे, स्वीडन, हांगकांग और श्रीलंका शामिल हैं। गत 24 दिसंबर को हाईकोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने एकल पीठ के उस अंतरिम आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें उसने श्री श्रवण क्रिएशंस के मालिक ए चंद्रशेखरन की याचिका पर क्रिसमस के मौके पर इस फिल्म को रिलीज करने पर रोक लगा दी थी। उन्होंने दावा किया था कि इस फिल्म पर सिर्फ उनकी कंपनी का अधिकार है।
गौरतलब है कि चंद्रशेखरन ने तमिल में गजनी का निर्माण किया था। पीठ ने गीता आर्ट्स को निर्देश दिया था कि वह अदालत के रजिस्ट्रार के समक्ष पांच करोड़ रुपये जमा करे तथा फिल्म की सिनेमाघरों से कमाई और अन्य कमाई का विवरण दे। जब यह मामला कोर्ट के समक्ष सुनवाई के लिए मंगलवार शाम आया तो न्यायमूर्ति डी मुरुगेसन और न्यायमूर्ति एम सत्यनारायण ने इस मामले में आपत्ति दाखिल करने के लिए अगली सुनवाई की तारीख पांच फरवरी को निर्धारित कर दी।