
नई दिल्ली। कई पुरस्कार जीतने वाली चर्चित फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर से रातों रात स्टार का दर्जा हासिल कर लेने वाली अभिनेत्री फ्राइडा पिंटो एक अदाकारा के रूप में अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरू बैरी जॉन को देती हैं।
फ्राइडा ने कहा कि तीन गोल्डन ग्लोब जीतने और ऑस्कर के लिए 10 नामांकन हासिल करने वाली फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर में काम देने के लिए डैनी बॉयल का धन्यवाद करती हूं, लेकिन उससे पहले मैं अपने गुरु बैरी जॉन सर का आभार प्रकट करती हूं जिन्होंने मुझे सिखाया कि किस तरह अपने अंदर के कलाकार को बाहर लाना और किरदार को विश्वसनीय ढंग से निभाना है। बैरी जॉन के एक्टिंग स्टूडियो ने सिने जगत को कई सितारे दिए हैं, जिनमें सुपरस्टार शाहरुख खान, मनोज बाजपेयी, शाइनी आहूजा और कुणाल कपूर शामिल हैं।