
न्यूयार्क। चर्चित फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर में शीर्ष भूमिका निभाने वाले युवा अभिनेता देव पटेल विल स्मिथ के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। वह स्मिथ के साथ काम करने के लिए इतने बेकरार हैं कि साक्षात्कारों के दौरान स्मिथ से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।
वेबसाइट आईएमडीबी डॉट कॉम के अनुसार एक फिल्म के प्रीमियर पर उन्होंने तीन घंटे तक सिर्फ इसलिए इंतजार किया था, ताकि स्मिथ के साथ तस्वीर खिंचवा सकें। पटेल ने हाल ही में अमेरिकी न्यूज शो एक्स्ट्रा में कहा कि हेल्लो, श्रीमान स्मिथ..कृपया मुझे अपने साथ एक फिल्म में काम करने दीजिए। लंदन में आपकी फिल्म हांकॉक के प्रीमियर पर मैंने तीन घंटे तक आपका इंतजार किया था। मैं शौचालय जाने के लिए मरा जा रहा था और मैंने अपने मोबाइल पर आपकी तस्वीर ली थी। मुझे एक छोटी सी भूमिका दीजिए, हाथ मिलाने की या ऐसी ही..धन्यवाद। पटेल जिम कैरी और लियोनार्डो डिकैप्रियो के साथ काम करने की योजना भी बना रहे हैं।
स्लमडॉग मिलिनेयर में उनकी प्रेमिका की भूमिका निभाने वाल फ्राइडा पिंटो भी डिकैप्रियो की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं और उनके साथ काम करना चाहती हैं। पिंटो ने कहा कि मैंने उनके बारे में कल्पनाएं की हैं। मुझे उनसे प्यार सा हो गया था। टाइटेनिक के बाद से हालांकि यह शर्मिदा करने वाली बात है, लेकिन मेरे पास एक स्क्रैपबुक है जिसमें लियोनार्डो के बारे में सबकुछ लिखा है। वह बेहद अच्छे इंसान हैं। मेरा क्षणिक प्रेम भले खत्म हो गया हो, लेकिन उनका सम्मान अभी शेष है।