
मुंबई। नच बलिए 4 की अंतिम कड़ी के लिए अर्जुन रामपाल द्वारा की गई विशेष तैयारियां अधर में जा सकती हैं। दरअसल,नच बलिए 4 के शानदार अंत के लिए कोरियोग्राफर बॉस्को सीजर के निर्देशन में अर्जुन एक यादगार परफार्मेस की तैयारी कर चुके हैं, पर अचानक उभरी शारीरिक तकलीफ के कारण उनकी अपेक्षित शानदार परफार्मेस अब, संदेह के घेरे में है।
अपनी शारीरिक तकलीफ के विषय में अर्जुन ने बताया,मेरी कमर के निचले हिस्से और गर्दन में लगी पुरानी चोट अचानक उभर आई है। फिलहाल, अपने फिजियोथैरेपिस्ट के संपर्क में हूं उनसे अपना इलाज करवा रहा हूं इसलिए कुछ मुश्किलें आ रही हैं। शारीरिक तकलीफ के बावजूद अर्जुन चाहते हैं कि वे नच बलिए 4 के फिनाले कार्यक्रम का हिस्सा बनें। वे कहते हैं,नच बलिए में मैंने बेहतरीन वक्त गुजारा है, इसलिए आशा करता हूं कि फिनाले में भी मैं परफॉर्म कर पाऊं। 1 फरवरी को आयोजित होने वाले नच बलिए के इस सीजन का अंत शानदार तरीके से करना चाहता हूं।
-सौम्या अपराजिता