
मुंबई। बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्रियों में से एक जूही चावला का कहना है कि ऋषि कपूर उनके प्रिय अभिनेता हैं और उनके साथ पर्दे पर अभिनय करना उन्हें पसंद है।
आगामी फिल्म लक बाई चांस में जूही चावला और ऋषि कपूर एक साथ नजर आएंगे। जूही ने कहा, ऋषि कपूर में कई बदलाव आए हैं। मैंने उनके साथ सबसे अंत में कारोबार और दरार फिल्मों में काम किया है। उनके साथ काम करने का अलग ही आनंद होता है। वह अभी भी सेट पर चिल्लाकर बोलते हैं।
जूही ने कहा कि पहले ऋषि कपूर रात में शूटिंग करने से बचते थे लेकिन अब वह रात में शूटिंग कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि लक बाई चांस फिल्म में ऋषि कपूर ने रात में शूटिंग की।
जूही ने कहा कि ऋषि कपूर सभी काम समय पर करते हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ-साथ वह खुद भी बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।