हाशमी व सूरी ने स्लमडॉग..के खिलाफ मोर्चा खोला

हाशमी व सूरी ने स्लमडॉग..के खिलाफ मोर्चा खोला

इंदौर। मशहूर फिल्म अभिनेता इमरान हाशमी और युवा फिल्म निर्देशक मोहित सूरी ने दस श्रेणियों में ऑस्कर के लिए नामांकित होने वाली फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के खिलाफ मानो मोर्चा खोल दिया। दोनों ने एक सुर में कहा कि फिल्म में भारत की गरीबी को भुनाने की कोशिश की गई है जिससे दुनिया के सामने देश की गलत तस्वीर पेश होती है।

हाशमी और सूरी अपनी फिल्म राज द मिस्ट्री कन्टीन्यूज के प्रचार के सिलसिले में यहां आए थे। वे इस दौरान मीडिया से मुखातिब थे। सूरी ने स्लमडॉग मिलेनियर की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि यह बहुत पहले से चला आ रहा है। हमेशा से हमारी गरीबी बेची गई है। जहर और आवारापन जैसी फिल्मों के निर्देशक कहा कि जब कोई विदेशी फिल्मकार यह काम करता है, तो लोगों को लगता है कि फिल्म बेहद संवेदनशील ढंग से बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि ए. आर. रहमान ने स्लमडॉग मिलेनियर से पहले भी कई फिल्मों में शानदार संगीत दिया है, लेकिन ऐसा क्यों है कि उन्हें इसी फिल्म के लिए ऑस्कर के लिए नामांकित किया जाता है जिसे एक विदेशी फिल्मकार ने निर्देशित किया है। 27 साल के सूरी ने सवाल किया कि यह भेदभाव नहीं है, तो और क्या है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इंदौर का शापिंग माल यूरोप के किसी शापिंग माल से कम नहीं है, लेकिन शायद विदेशी फिल्मकारों को यह पहलू नजर नहीं आता। उधर, हाशमी ने भी सूरी के सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि इस सिलसिले में मिसाले और भी हैं कि फिल्मों में देश की गरीबी को बेचने की कोशिश की गई है। यह विदेशी फिल्मकारों का एक एजेंडा भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि मैंने हालांकि स्लमडॉग मिलेनियर अब तक देखी नहीं हैं, लेकिन जिन लोगों ने फिल्म देखी है उनका कहना है कि बॉलीवुड में समान थीम पर इससे दस गुना बेहतर फिल्में बन चुकी हैं।

हाशमी ने कहा कि हमें यह बात समझनी चाहिए कि बॉलीवुड विदेशी सिनेमा से किसी मामले में उन्नीस नहीं है। स्लगडॉग मिलेनियर ब्रिटिश फिल्मकार डैनी बायल ने निर्देशित की है। यह मुंबई की झुग्गी बस्ती में रहने वाले एक लड़के की कहानी है, जो कौन बनेगा करोड़पति प्रतियोगिता में पहुंचकर बड़ी इनामी रकम जीतने में कामयाब होता है। फिल्म को चार गोल्डन ग्लोब पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इसे दस श्रेणियों में ऑस्कर के लिए नामांकित भी किया गया है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:3
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित