
दावोस। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) ने क्रिस्टल अवार्ड से सम्मानित किया है। बच्चन को यह अवार्ड विश्व सिनेमा में उनके अहम योगदान को देखते हुए दिया गया। बच्चन ने यह अवार्ड यहां एक समारोह में प्राप्त किया। इस समारोह में कुचिपुड़ी एवं भरतनाट्यम नृत्यांगना मल्लिका साराभाई को भी सम्मानित किया गया।
इस तरह से बच्चन और साराभाई प्रख्यात अमेरिकी कलाकार यो-यो मा और ब्रिटेन की अभिनेत्री एमा थाम्पसन की फेहरिस्त में शामिल हो गए जिन्हें वर्ष 2008 में उक्त सम्मान से सम्मानित किया गया था। बच्चन ने दावोस से लिखा कि मुझे नहीं मालूम था कि विश्व के अन्य हिस्सों में भी भारतीय सिनेमा को लोग इतना देखते हैं। हमारी दुनिया और हमारी कला के लिए इतनी जागरूकता देखकर मैं काफी खुशी महसूस कर रहा हूं। विश्व आर्थिक मंच जिनीवा स्थित एक गैर-लाभकारी संगठन है जिसकी सालाना बैठक में शीर्ष व्यावसायिक नेता, अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक और बुद्घिजीवी हिस्सा लेते हैं।