
आगरा। गजल गायक जगजीत सिंह, गायिका श्रेया घोषाल व कैलाश खेर इस वर्ष ताज महोत्सव के मुख्य आकर्षण होंगे। प्रति वर्ष आयोजित किया जाने वाला 10 दिवसीय ताज महोत्सव बुधवार से यहां शुरू होगा।
ताज महल से 500 मीटर की दूरी पर स्थित शिल्पग्राम में आयोजित इस समारोह का यह 16वां साल है। इस वर्ष के आयोजन का विषय सुलह-कुल (सांस्कृतिक व धार्मिक एकता) रखा गया है।
जिला अधिकारी आशीष गोयल ने बताया कि समारोह में एक हजार से अधिक स्थानीय कलाकारों को मुक्ताकाश मंच पर तथा नूर जहां गैलरी में अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का मौका प्रदान किया जाएगा। मुंबई हमले के बाद पर्यटन पर पड़े नकारात्मक प्रभाव के मद्देनजर स्थानीय पर्यटन उद्योग व सरकार द्वारा ताज महोत्सव को काफी महत्व दिया जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि यह आयोजन पर्यटकों को आगरा की ओर आकर्षित करेगा।
उत्तर प्रदेश पर्यटन के उप निदेशक अविनाश मिश्रा ने कहा कि समारोह से संबंधित ब्रोसर व अन्य सामग्रियां काफी समय पहले ही ट्रैवेल एजेंसियों व पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को भेज दी गई हैं।