
नई दिल्ली। निर्माता-निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने कहा है कि अभिषेक बच्चन और सोनम कपूर अभिनीत बहुप्रतिक्षित फिल्म दिल्ली-6 उनकी जीवनी पर आधारित नहीं है। राकेश ने हालांकि स्वीकार किया कि इस फिल्म में उन्होंने अपने बचपन और जवानी की कुछ अच्छी यादों को उतारने की कोशिश की है।
अक्स और रंग दे बसंती जैसी लीक से हटकर फिल्में बना चुके राकेश ने कहा कि दिल्ली-6 मेरी जीवनी नहीं है। यह अलग बात है कि मैंने इस फिल्म में अपने बचपन और युवावस्था को उतारने की कोशिश की है। मैंने इस फिल्म में उन्हीं लम्हों को उकेरने की कोशिश की है, जिन्हें मैंने बचपन और जवानी के बीच महसूस किया है।
दिल्ली-6 शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म की कहानी राकेश ने प्रसून जोशी और कमलेश पांडेय के साथ लिखी है। फिल्म में अभिषेक और सोनम के अलावा वहीदा रहमान, ऋषि कपूर, ओम पुरी, गुलशन ग्रोवर, अतुल कुलकर्णी और दिव्या दत्ता जैसे मंझे हुए कलाकारों ने काम किया है।
राकेश ने बताया कि इस फिल्म की अधिकांश शूटिंग राजस्थान में की गई है क्योंकि वह चांदनी चौक इलाके में रहने वाले लोगों को बेवजह परेशान नहीं करना चाहते थे। बकौल राकेश, मैंने इस फिल्म का कुछ हिस्सा ही पुरानी दिल्ली, खासकर चांदनी चौक इलाके में फिल्माया है। ज्यादातर शूटिंग राजस्थान में की गई है लेकिन फिल्म देखकर कोई समझ नहीं सकता कि यह दिल्ली के बाहर फिल्माई गई है।