
मुंबई। बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने संगीतकार ए आर रहमान, गीतकार गुलजार और ध्वनि मुद्रक रेसुल पोकुट्टी को आज स्लमडॉग मिलिनेयर के लिए ऑस्कर जीतने पर बधाई दी। ऊधर जावेद अख्तर का कहना है कि साथी गीतकार गुलजार, तकनीशियन रेसुल पोक्कुटी और संगीतकार ए.आर. रहमान को ऑस्कर पुरस्कार मिलने पर उन्हें कतई आश्चर्य नहीं हुआ है।
हैदराबाद में फिल्म जॉनी मस्ताना की शूटिंग कर रहे बिग बी ने अपने ब्लॉग पर लिखा है तीनों को मेरी हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा प्रतिभाओं को सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान और सम्मान मिलना भारतीय सिनेमा और देश के लिए सबसे बड़ी खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा की यात्रा चमत्कृत रही है और यह और भी बड़ी हो यही आशा है।
उल्लेखनीय है कि बच्चन ने ही कथित रूप से ब्लॉग पर फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर में भारत को एक गरीब देश तीसरी दुनिया का देश दर्शाने को लेकर आलोचना की थी।
साथ ही प्रख्यात गीतकार जावेद अख्तर का कहना है कि साथी गीतकार गुलजार, तकनीशियन रेसुल पोक्कुटी और संगीतकार ए.आर. रहमान को ऑस्कर पुरस्कार मिलने पर उन्हें कतई आश्चर्य नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि इस सफलता से दुनिया भर का ध्यान भारतीय सिनेमा की ओर आकर्षित होगा।
अख्तर ने कहा कि मुझे रहमान, गुलजार और पोक्कुटी को यह सम्मान मिलने से आश्चर्य नहीं हुआ है। दरअसल, मुझे अंदाजा था कि गुलजार साहब ऑस्कर पुरस्कार जीतेंगे और सभी भारतीयों की तरह मुझे भी उनकी सफलता पर गर्व है। अख्तर ने कहा कि रहमान की प्रतिभा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किया जा चुका है और ऑस्कर मिलने के बाद पूरी दुनिया का ध्यान उनके संगीत और भारतीय फिल्मों की ओर आकर्षित होगा। उन्होंने कहा कि अब चूंकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार भारतीयों को मिलने लगे हैं इसलिए उन्हें उम्मीद है कि अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उद्योग का ध्यान भी भारत की ओर जाएगा।