
नई दिल्ली। महान शायर एवं गीतकार साहिर लुधियानवी को समर्पित फिल्म गुलाल होली के मौके पर दर्शकों को शायरी के रंग से सराबोर करेगी। 13 मार्च को सिनेमा घरों में रिलीज हो रही मशहूर फिल्मकार अनुराग कश्यप की यह महत्वाकांक्षी फिल्म महान निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता गुरुदत्त की उत्कृष्ट फिल्म प्यासा के बहुचर्चित गीत ये महलों ये तख्तों ये ताजों की दुनिया ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है.. पर आधारित है। गुरुदत्त पर फिल्माए गए इस मशहूर गीत को साहिर लुधियानवी ने लिखा था, संगीत सचिन देव वर्मन ने दिया था और इसे महान गायक मोहम्मद रफी ने गाया था।
फिल्म गुलाल की एक और विशेषता यह है कि इसका संगीत हिंदी के मशहूर कवि रामधारी सिंह दिनकर की वीररस शैली में तैयार किया गया है। कश्यप को उम्मीद है कि यह फिल्म अपने गानों से दर्शकों को झकझोर कर रख देगी। उनका दावा है कि यह फिल्म भारतीय फिल्म जगत में एक बार शायरी पर आधारित गीतों की वापसी करेगी। फिल्म के गाने प्रेरणादायी और अंतर्रात्मा को झंकझोरने वाले हैं। कश्यप कहते है कि गुलाल महान गीतकार साहिर लुधियानवी को मेरी श्रद्धांजलि है। एक खास पृष्ठभूमि की पे्रम कहानी पर आधारित इस फिल्म को बनाने के लिए पांच छह साल से मै जुटा हुया था और किसी कारणवंश इस फिल्म के पूरा होने में काफी समय लग गया।
कश्यप कहते हैं कि फिल्म प्यासा का गाना ये महलों ये तख्तों की दुनिया.. मुझे बहुत पसंद है। इससे मेरी फिल्म गुलाल भी प्रेरित है। मेरा जीवन साहिर लुंिधयानवी से बहुत ही प्रभावित है। कश्यप के अनुसार गुलाल जमीन से जुड़ी हुई फिल्म है और इसके जरिए आज की राजनीति एवं समाज पर कटाक्ष किया गया है। गुलाल राजस्थान के महाराजाओं की कहानी है। फिल्म की शूटिंग राजस्थान में हुई है। इस फिल्म के जरिए यह बताया गया कि छोटी-छोटी बातों पर राजनीति कैसे होती है। इसमें भाषा, जाति या सीमा को आधार बनाकर राजनीति करने पर करने पर कटाक्ष किया गया है। कश्यप कहते हैं कि इस तरह की फिल्में बनाना बहुत मुश्किल काम है। हाल ने रिलीज हुई फिल्म देव डी की मार्फत सराहना पाने वाले कश्यप की यह फिल्म काफी लंबे समय से लटकी थी।
जी इंटरटेनमेंट इंटरप्राइज लिमिटेड (जीईईएल) के बैनर तले बनी गुलाल फिल्म में आधुनिक भारत को ढकोसलों से भरपूर अपने पुरातन रीति-रिवाजों के जंजाल से निकलने का प्रयास करते दिखया गया है। गुलाल में मुख्य किरदार ब्लैक फाइडे से चर्चित के के मेनन ने निभाया है। इसके अलावा दीपक डोबरियाल, आयित्य श्रीवास्तव और सीमा रहमान ने भी इसमें भूमिका निभाई है। इस फिल्म के जरिए मशहूर मॉडल जैसी रंधावा बॉलीवुड में कदम रख रही है। फिल्म के माध्यम से राजा चौधरी, आयशा मेनन, दीपक डोबरियाल, अदिति श्रीवास्तव, सीमा रहमानी और अभिमन्यु सिंह जैसे टेलीविजन कलाकार पहली बार बडे़ पर्दे पर दिखेंगे। फिल्म के गीत और संगीत पीयूष मेहता के हैं। फिल्म की कहानी कश्यप, राजा चौधरी और अपर्णा चतुर्वेदी की सोच की देन है।