
मुंबई। निर्माता वाशु भगनानी के बेटे और युवा अभिनेता जैकी भगनानी इन दिनों एक नई फिल्म की तैयारी में जुटे हैं। फिल्म जाने तू या जाने ना के नक्शे कदम पर ही जैकी की अगली फिल्म होगी। बॉलीवुड में जैकी की पहली फिल्म कल किसने देखा मई में प्रदर्शित होगी। इस फिल्म का निर्माण उनके पिता कर रहे हैं।
जैकी की आगामी फिल्म में तीन लड़कों और दो लड़कियों की कहानी होगी। फिल्म के मुख्य नायक जैकी ही होंगे। अभी अभिनेत्रियों के नाम पर फैसला नहीं लिया गया है। प्रस्तावित फिल्म के बारे में जैकी ने बताया कि उनकी फिल्म युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म जाने तू या जाने ना की तरह उनकी अगली फिल्म होगी। जैकी की पहली फिल्म कल किसने देखा एक मई को प्रदर्शित होगी। फिल्म में उनके साथ नई अभिनेत्री वैशाली देसाई नजर आएंगी। यह देसाई की भी पहली फिल्म होगी।