फ्रीडा पिंटो होंगी अगली बांड गर्ल!

फ्रीडा पिंटो होंगी अगली बांड गर्ल!

लंदन। भारतीय सुंदरी फ्रीडा पिंटो के बारे में खबर है कि वह ब्रिटिश अभिनेता डेनियल क्रेग के साथ एक 007 फिल्म में अगली बांड गर्ल होंगी। डैनी बायल की आस्कर प्राप्त फिल्म स्लमडाग मिलेनियर में लतिका के रूप में भूमिका निभाकर विश्व में प्रसिद्धि पाने वाली फ्रीडा को हाल ही में जासूसी फिल्म के लिए स्क्रीन टेस्ट में आमंत्रित किया गया। कार्यकारी निर्माता बारबरा ब्रोकोली ने स्लमडॉग मिलेनियर के निर्देशक डैनी बायल को इस फिल्म का निर्देशन करने की पेशकश की है, जो फ्रीडा पिंटो को लेना चाहते हैं।

सन डाट काम डाट यूके की रिपोर्ट के मुताबिक 24 वर्षीय इस अभिनेत्री को सबसे पहले क्वांटम आफ सोलेस के कलाकार चयन के दौरान बांड निर्माताओं ने खोजा था ्र लेकिन उस समय फ्रीडा काफी युवा लगती थीं। एक सूत्र ने अखबार से कहा कि बांड टीम की नजर में फ्रीडा उस समय आईं जब टीम क्वांटम आफ सोलेस के लिए कलाकारों का चयन कर रही थी। उन्हें खुफिया एजेंट की भूमिका दी जानी थीं। उस समय वह काफी युवा दिखती थीं, लेकिन युवा महिला के रूप में वह डेनियल क्रेग की बांहों में बिल्कुल ठीक लगेंगी। सूत्रों ने कहा कि डैनी बायल अगली फिल्म के निर्देशन में काफी रुचि ले रहे हैं जिससे मुम्बई निवासी फ्रीडा के लिए मुख्य भूमिकाओं के अवसर बढ़ेंगे।

फ्रीडा को इस समय हॉलीवुड की सबसे हाट अदाकारा के रूप में देखा जा रहा है। वोग ने सर्वश्रेष्ठ परिधान सुंदरियों में से एक के रूप में उनकी सराहना की है और बहुत सी तड़क भड़क वाली पत्रिकाओं ने अपने कवर पृष्ठ पर उनकी तस्वीरों को छापा है। उन्हें वुडी एलन की अगली फिल्म में पहले ही एक भूमिका के लिए चुना जा चुका है। स्लमडॉग मिलेनियर में सह कलाकार के रूप में काम करने वाले देव पटेल से रोमांटिक तौर पर जुड़ी रही यह अदाकारा फैशन क्षेत्र के संगठनों की पसंदीदा बन गई है। उन्हें सुपर माडल केट मास, क्लाउडिया शिफर और लिली एलन के साथ पेरिस के फैशन वीक में भी आमंत्रित किया गया। फ्रीडा हॉलीवुड फिल्मों में काम करने के इरादे से न्यूयार्क चली गई हैं और उन्होंने अपने अभिनय कैरियर के लिए आस्कर विजेता केट विंस्लेट के लास एंजेल्स स्थित एजेंट को किराए पर ले लिया है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:2.333334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित