मजाक नहीं है एक्टिंग: सुष्मिता

मजाक नहीं है एक्टिंग: सुष्मिता

मुंबई, [जागरण ब्यूरो]। सुष्मिता सेन की हालिया रिलीज फिल्म कर्म और होली हालांकि बुरी तरह पिट गई है, लेकिन इससे उनके आत्मविश्वास में कोई कमी नहीं आई। आजकल वे डेविड धवन की फिल्म डू नॉट डिस्टर्ब की शूटिंग में बिजी हैं।

बीवी नं.1, क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता और मैंने प्यार क्यूं किया के बाद डेविड धवन के निर्देशन में सुष्मिता की यह चौथी फिल्म है। सुष्मिता कहती हैं कि कई लोग डू नॉट डिस्टर्ब को मेरी कमबैक फिल्म कह रहे हैं, अगर ऐसा है, तो ठीक है मैं मान लेती हूं। जहां तक डू नॉट डिस्टर्ब की खासियत का सवाल है, तो इस फिल्म के जरिए पति-पत्‍‌नी के रिश्ते का एक नया ही रूप दर्शकों के सामने आएगा। यह फिल्म पूरी तरह आज के जमाने पर बनी है और उम्मीद है कि दर्शकों को यह नया प्रयोग पसंद आएगा।

डू नॉट डिस्टर्ब मेरे लिए बहुत खास फिल्म है, क्योंकि इस फिल्म में मैंने उन लोगों के साथ काम किया है, जिनके साथ मैं पहले भी काम कर चुकी हूं और फिल्म से जुडे़ हर शख्स के साथ मैं बहुत सहज महसूस करती हूं। स्कि्त्रप्ट के मामले में इस फिल्म का कोई मुकाबला नहीं है, क्योंकि सभी जानते हैं कि डेविड धवन की कॉमेडी बेमिसाल होती है। फिल्म के बारे में तो फिलहाल मैं इतना ही बता सकती हूं। इस फिल्म के बारे में आपको ज्यादा जानकारी डायरेक्टर डेविड धवन या प्रोड्यूसर वासुजी दे सकते हैं.क्योंकि हर एक्टर को इस बारे में कोई बात नहीं करने के लिए कहा गया है। फिल्म में मेरे अलावा गोविंदा, लारा दत्ता, रितेश देशमुख, राजपाल यादव और रणवीर शौरी हैं। जहां तक फिल्म में मेरे किरदार का सवाल है, तो मैं आपको बता दूं कि चाहे बीवी नं.1 हो या मैंने प्यार क्यूं किया डेविड धवन के साथ मेरी एक भी फिल्म ऐसी नहीं है, जिसमें मैंने कॉमेडी न की हो।

लोग अक्सर शादी के बारे में मेरी राय जानना चाहते हैं, तो इस बारे में मैं इतना ही कहूंगी कि शादी के बारे में तो शादीशुदा इंसान से बात की जाए, तो बेहतर होगा। हमारी अभी तक बारी आई नहीं है, इसलिए हम इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। जहां तक फिल्म में मेरे और लारा के किरदार का सवाल है, तो डू नॉट डिस्टर्ब में हम दोनों पर डोला रे डोला. जैसा कोई गाना नहीं फिल्माया गया है। फिल्म में हम दोनों के अलग-अलग किरदार हैं और हमारी अलग कहानी है। लेकिन हां, हम दोनों का एक दूसरे से गहरा नाता है और वे एक बेहतरीन एक्टर हैं। पिछले दिनों मेरी एक और फिल्म कर्म एंड होली आई थी , लेकिन मैंने इस फिल्म के प्रमोशन में हिस्सा नहीं लिया। इसकी सीधी-सी वजह यह है कि जब तक किसी फिल्म में मुझे कोई खास बात नजर नहीं आती, तब तक मैं उस फिल्म को लेकर अपने प्रशंसकों के बीच नहीं जाती।

मेरे लिए एक्टिंग बहुत सम्मानित पेशा है और बतौर एक्टर मैं अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझती हूं. और जो उसका मजाक उड़ाएगा मैं उसकी कोई मदद नहीं करूंगी और न ही उसके साथ किसी तरह का कोई रिश्ता रखूंगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:4.75
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित