शाहरूख-प्रीति करेंगे चुनाव प्रचार

शाहरूख-प्रीति करेंगे चुनाव प्रचार

शाहरूख-प्रीति करेंगे चुनाव प्रचार कानपुर। कांग्रेस पार्टी ने दावा किया कि फिल्म अभिनेता शाहरूख खान और प्रीति जिंटा कांग्रेस पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे तथा पार्टियों की रैलियों और रोड शो में भी हिस्सा लेंगे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और कानपुर से कांग्रेस के टिकट पर तीसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे श्रीप्रकाश जायसवाल ने आज संवाददाताओं से कहा कि फिल्म अभिनेता शाहरूख खान, फिल्म अभिनेत्री प्रीति जिंटा, गोविंदा और नगमा इस बार कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि गोविंदा तो कांग्रेस पार्टी के सांसद है, जबकि नगमा पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता है और इन दोनों ने पिछले चुनावों में भी पार्टी का प्रचार प्रसार किया था और इस बार भी वह पार्टी के लिए मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जहां तक शाहरूख और ्रप्रीति की बात है तो यह इससे पहले भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में जाते रहे हैं और इस बार चुनाव में भी यह लोग कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि शाहरूख और प्रीति उनके लिए चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने के लिए कानपुर भी आएंगे। उनसे जब पूछा गया कि चुनाव के दौरान तो शाहरूख और प्रीति अपनी अपनी क्रिकेट टीम के साथ आई पी एल में व्यस्त होंगे तो फिर चुनाव प्रचार कैसे कर पाएंगे इस पर जायसवाल ने कहा कि आईपीएल के बीच में समय निकाल कर दोनों फिल्मी सितारे कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। समाजवादी पार्टी से उत्तर प्रदेश में चुनावी गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने कहा कि पार्टी हाईकमान के आदेश पर वह समझौते की बाबत बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह से मिलने उनके घर गए थे और बाद में रिलायंस इंडस्ट्री के अनिल अंबानी और अमर सिंह दिल्ली स्थित मेरे घर भी आए थे और इसके बाद समझौते का एक प्रारूप बनाकर पार्टी हाईकमान को सौंप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सपा के साथ उत्तर प्रदेश में चुनावी गठबंधन होगा या नही इसके बारे में अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान ही लेगा। अगर सपा के साथ गठबंधन नही होता है तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ प्रदेश में गठबंधन हो या न हो लेकिन कांग्रेस के साथ सपा के संबंधों में कोई खटास नही आएगी और दोनों एक दूसरे के सहयोगी बने रहेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस इस बार काफी अच्छा प्रदर्शन करेगी और केंद्र में एक बार फिर कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार बनेगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित