
नई दिल्ली। बॉलीवुड के नवोदित अभिनेता नील नितिन मुकेश ने कहा कि मेगास्टार अमिताभ बच्चन उनके प्रेरणास्रोत और पिता नितीन मुकेश उनके आदर्श हैं। नील नितिन मुकेश ने कहा कि बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन मेरे प्रेरणास्रोत है और मैं चाहता हूं कि मुझमें वैसी ही ऊर्जा का संचार हो जैसा अमित जी में हैं। उन्होंने कहा कि मैं शाहरूख खान और आमिर खान की अदाकरी और अभिनय की लगन का भी कायल हूं। आने वाली फिल्म आ देखे जरा के बारे में नील ने बताया कि यह सुपर नेचुरल थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म में छोटे से बड़े सभी लोगों ने काफी मेहनत से काम किया है और मुझे उम्मीद है कि यह लोगों को पसंद आएगी।
आ देखें जरा में एक गीत खुद गाने के बारे में उन्होंने बताया कि यह बात सही है कि मैं ऐसे परिवार से आया हूं जिसका संबंध आवाज की दुनिया से रहा है, लेकिन मैंने शुरू से ही अभिनय को चुना। उन्होंने कहा कि जब मैं केवल चार वर्ष का था तब विजय और जैसी करनी वैसी भरनी जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम किया। उस समय मैं छोटा था, लेकिन मुझे इस बात का ज्ञान था कि मेरे दादा जी मुकेश और पिता नितिन मुकेश इतने बड़े गायक हैं। इसी समय मैंने अभिनय करने का फैसला किया और मेरे पिता ने मुझे काफी सहयोग दिया। नील ने कहा कि आ देखें जरा फिल्म का शीर्षक गीत मैंने गाया है। यह गीत मेरे दादाजी मुकेश, किशोर कुमार और आर डी बर्मन को समर्पित है।
सस्पेंस थ्रिलर में गीत के बारे में एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि थ्रिलर में गाने आते हैं तो थोड़ा खटकता है, लेकिन आ देखें जरा में जो भी गाने है वह माहौल और कहानी के अनुरूप हैं। बिपाशा बसु के साथ काम करने के अनुभव के बारे में नील ने कहा कि बिपाशा के साथ करना काफी अच्छा अनुभव रहा और उनके साथ मेरी आनस्क्रीन केमेस्ट्री निश्चित तौर पर लोगों को पसंद आएगी। उल्लेखनीय है कि बिपाशा बसु ने आ देखें जरा में डीजे का किरदार निभाया है। आ देखें जरा में काम के अनुभव के बारे में नील ने कहा कि इस फिल्म में काम करना काफी अच्छा अनुभव रहा। हालांकि उस समय मुश्किल पेश आई, जब निर्देशक श्याम कौशल ने मुझे नौवीं मंजिल से छलांग लगाने वाला शाट देने को कहा। यह शाट ऐसा था, जिसमें स्टंट मैन की सहायता नहीं ली जा सकती थी। इस स्टंट को मैंने बेहतर ढंग से पूरा किया। उन्होंने कहा कि अभी फिल्मों में मेरा करियर शुरूआती दौर में हैं और मैं काफी कुछ सीख रहा हूं। उल्लेखनीय है कि आ देखें जरा 27 मार्च को रिलीज होने जा रही है।