
नई दिल्ली। ब्रह्मांड की सबसे खूबसूरत महिला करार दी गईं सुष्मिता सेन दस्तक, सिर्फ तुम, फिजा, फिलहाल और मैं हूं ना जैसी कई फिल्मों में अपनी अदाकारी के जौहर दिखाने के बाद अब कवयित्री के रूप में लोगों को अपने व्यक्तित्व के नए आयाम से परिचित कराने जा रही हैं। अभिनेत्री सुष्मिता सेन इन दिनों कविता लिखने में व्यस्त हैं, जिसे वह रचनात्मक अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण पहलू मानती हैं।
सुष्मिता सेन ने कहा कि कविताओं को भूमिका की जरूरत नहीं होनी चाहिए। यह किसी भी व्यक्ति की रचनात्मक अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण पहलू होता है। अपनी कविता वो लड़की में सुष्मिता सेन ने महनगरों की दौड़ती भागती जिंदगी और उसके बीच संघर्ष करती लड़की का शानदार चित्रण किया है। सुष्मिता ने लिखा है पलकों के सहारे, सपनो के किनारे, दिल की बातें करती..वो लड़की। खुला आसमान, सूनी गलियां, दर्द भरी बातें करती, वो लड़की। अपनों की जुबानी, सपनों की कहानी, हाथों की लकीरों से लड़ती, वो लड़की। बेनजीर भुट्टो के जीवन पर आधारित पाकिस्तानी निर्देशक की फिल्म में काम करने से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं यह किरदार निभाना चाहती हूं, लेकिन अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। सुष्मिता सेन ने कहा कि फिल्म के निर्माता अभी दिवंगत बेनजीर भुट्टो की पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से अनुमति प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बार बार उन्हें अनुमति मिल जाए और वह मुझसे संपर्क करें तब इस बारे में कोई बात की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी निर्माता जाएद अजीज और हीना की कराची स्थित वाक्स विजन तथा लिसेस्टर स्थित सन फिल्म्स की पाकिस्तान की दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की जीवनी पर फिल्म बनाने की योजना है। फिल्म कर्मा एंड होली से जु़ड़े विवाद पर सुष्मिता ने कहा कि मैंने फिल्म के प्रचार से कुछ दृश्यों का उपयोग करने को गलत बताया था। इसके अलावा मुझे कुछ नहीं कहना है। कम फिल्मों में काम करने से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि न तो मैं नंबर गेम में पड़ती हूं और न ही हिट और फेल के चक्कर में। मुझे जो कहानी पसंद आती हैं मैं उसमें काम करती हूं। वर्ष 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली सुष्मिता सेन ने माडलिंग के बाद दस्तक, सिर्फ तुम, फिजा, फिलहाल, मैं हूं ना, आंखे जैसी फिल्मों से अभिनय के क्षेत्र में अपना कमाल दिखाया और कुछ फिल्मों में आइटम नंबर भी किए।