नई दिल्ली। सुप्रसिद्ध अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन अपनी जिंदगी को खुली किताब मानती है, जिसमें सबकुछ लोगों के सामने है। सुष्मिता सेन ने पर्ल्स ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन के समाचार चैनल पी 7 न्यूज के पहचान चिह्न को लांच करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी में ऐसा कुछ नहीं है जो आज तक छुपा रहा हो। उन्होंने क हा कि मेरी जिंदगी एक खुली किताब है जिसमें सबकुछ लोगों के सामने है। मुझे चीजों को दायरे में रखना पसंद नहीं है।
सुष्मिता सेन ने कहा कि मीडिया और हर कोई मेरे बारे में सब कुछ जानता है। मेरी उम्मीदों के बारे में भी मीडिया से पूछा जा सकता है, लेकिन उन्होंने मीडिया से कहा कि मीडिया को ऐसे सवाल नहीं पूछने चाहिए जिनसे कोई असहज महसूस करता हो। सुष्मिता सेन ने संचार टेक्नोलॉजी के बारे में कहा कि आज सूचनाएं लोगों के सामने बहुत जल्दी पहुंचने लगी हैं। हमारे वक्त में ऐसा नहीं था जब 1994 में मैं मिस यूनिवर्स बनी थी तब उस इवेंट का प्रसारण एक दिन बाद किया गया था, लेकिन आज तो हर चीज होने के साथ ही लोगों के सामने होती है।