
मुंबई। विवादास्पद फिल्म दा विंची कोड पर कुछ वर्ष पहले मचे हंगामे के बाद अब उसके सिक्वेल एंजिल्स एंड डेमन्स को लेकर बवाल मचने की आशंका है। मुंबई के एक गैर सरकारी संगठन कैथोलिक सेकुलर फोरम ने फिल्म पर चर्च और ईसाई विरोधी कथानक पर आधारित होने का आरोप लगाया है और इसके प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर दी है। फिल्म 15 मई को प्रदर्शित होने जा रही है।
फोरम ने आज यहां जारी एक बयान में यह मांग की और आशंका जताई कि उड़ीसा कर्नाटक समेत भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में माहौल पहले से बिगड़ा हुआ है और ऐसे में इस फिल्म का प्रदर्शन और समस्याएं खड़ी कर सकता है। फोरम ने आरोप लगाया है कि फिल्म ऐतिहासिक घटनाओं और हस्तियों के खिलाफ झूठ फैलाने के अलावा धामिर्क भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती है और विभिन्न समुदायों के बीच सद्भावना का माहौल बिगाड़ सकती है। उल्लेखनीय है कि दा विंची कोड के प्रदर्शन को भी कुछ राज्यों में बैन लगाया गया था।