रफ्तार नहीं पकड़ा एनीमेशन फिल्मों का बाजार

रफ्तार नहीं पकड़ा एनीमेशन फिल्मों का बाजार

नई दिल्ली। भारत में स्पाइडमैन जैसी विदेशी फिल्में भले ही दर्शकों को लुभाने और करोड़ों रुपये का कारोबार करने में सफल रहीं हो, लेकिन देसी ऐनीमेशन कार्टून फिल्मों का बाजार अभी रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। ऐनीमेशन कार्टून फिल्मों के भारतीय दर्शकों में जड़ें नहीं जमा पाने के कारणों को पिछले साल रिलीज हुई ऐनीमेशन कार्टून फिल्मों के हश्र से देखा जा सकता है जब कई बड़े बजट और बैनर की फिल्में बच्चों को लुभाने में विफल रहीं। पिछले साल यानी वर्ष 2008 में पांच बड़ी ऐनीमेशन कार्टून फिल्में रिलीज हुई, जिनमें वाल्ट डिजनी और यशराज फिल्म्स की रोडसाइड रोमियो प्रमुख थी।

एलेकाम फिल्म्स की चींटी चींटी बैंग बैंग और शेमारू की घटोत्कच को भी बॉक्स आफिस पर सफलता नहीं मिल सकी। फ्रिब्स की दशावतार तथा अक्षय कुमार की जंबो भी कोई करिश्मा नहीं दिखा पाई। ऐनीमेशन उद्योग से जुडे़ विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में अभी ऐनीमेशन बाजार अपने शुरूआती चरण में है और यही प्रमुख कारण है कि तकनीक, कलेवर, विचार और प्रस्तुतिकरण के सशक्त होने के बावजूद फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही हैं। हालांकि जंबो की मार्केटिंग पर साढ़े चार करोड़ रुपया खर्च किया गया था और रोडसाइड रोमियो को डिज्नी का समर्थन हासिल था।

वर्ष 2009 में भी देश में कई ऐनीमेशन कार्टून फिल्में रिलीज होने वाली हैं इनके प्रदर्शन के बाद ही पता चलेगा कि ऐनीमेशन फिल्मों का बाजार किस कदर रफ्तार पकड़ रहा है। इनमें यशराज फिल्म्स की कुची कुची होता है, इरोज और बिग स्क्रीन एंटरटेनमेंट की टूनपुर का सुपर हीरो, यूटीवी मोशन पिक्चर की अर्जुन दा वारियर, निखिल आडवाणी की अब दिल्ली दूर नहीं, माया एंटरटेनमेंट की रामायण तथा ओशर और बिग पिक्चर्स की सुल्तान दी वारियर प्रमुख हैं। हालांकि डायमंड कॉमिक्स के गुलशन राय ने भारतीय ऐनीमेशन कार्टून फिल्मों के बाजार के भविष्य के बारे में काफी सकारात्मक रवैया जताया और कहा कि आने वाले समय में इस श्रेणी की फिल्में निश्चित रूप से बेहतर कारोबार करेंगी। उन्होंने कहा कि अभी भी स्थिति इतनी खराब नहीं है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कहा कि हनुमान फिल्म ने चार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित