
नई दिल्ली। माडलिंग से बालीवुड में आए अर्जुन रामपाल की इच्छा कामिक किरदार निभाने की है, लेकिन संजीदा फिल्मकार और अब चुनावी राजनीति में किस्मत आजमा रहे प्रकाश झा की राजनीति में काम करने से उत्साहित इस स्टार ने कहा कि इस फिल्म से उन्हें राजनीति को करीब से समझने का मौका मिला।
प्यार इश्क और मोहब्बत से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले रामपाल ने विशेष बातचीत में राजनीति में काम करने के अनुभव के बारे में बताते हुए कहा कि प्रकाश झा के साथ काम करना अपने-आप में एक शानदार अनुभव है। इससे मुझे राजनीति के अंदर की चीजों को जानने का मौका मिला।
इस फिल्म में अजय देवगन, कैटरीना कैफ, नाना पाटेकर, रणबीर कपूर, प्रियंका चोपड़ा और रामपाल जैसे कई दिग्गज मौजूद हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कैटरीना की भूमिका सप्रंग अध्यक्ष सोनिया गांधी और रणबीर कपूर का किरदार पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से प्रभावित है। रामपाल में संजय गांधी और प्रियंका के किरदार में मेनका गांधी की छवि है।
ओम शांति ओम में अपने करियर की पहली निगेटिव भूमिका निभाने वाले रामपाल ने इससे इनकार किया। वह फिल्म के रिलीज होने तक अपने किरदार को भी गोपनीय रखना चाहते हैं, लेकिन उन्होंने इसे फैमिली ड्रामा करार किया।
इस सवाल पर कि उनका किरदार किस नेता से प्रभावित है, उन्होंने कहा, यह किसी एक नेता से प्रभावित नहीं है बल्कि इसमें काफी नेताओं के किरदारों का समावेश है। वैसे जब फिल्म रिलीज होगी तो आपको पता चल जाएगा।
राक आन में मुख्य गिटारिस्ट की भूमिका से दर्शकों को प्रभावित करने वाले रामपाल अब हर तरह के किरदार निभाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, मैं खुद को बांधना नहीं चाहता। हर तरह की भूमिका अदा करना चाहता हूं। कामेडी में भी हाथ आजमाना चाहता हूं। आने वाली फिल्मों के बारे में उन्होंने कहा, संजय खान के साथ हाऊसफुल कर रहा हूं, जिसमें मैं एफबीआई की तरह एक एमआईसी खुफिया एजेंसी का प्रमुख बना हूं।
राक आन के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिग एक्टर अवार्ड और स्टार स्क्रीन अवार्ड से नवाजा गया। इन पुरस्कारों की अहमियत के बारे में उन्होंने कहा, पुरस्कार आप पर काफी दबाव बनाते हैं और आपने जो कुछ किया है, उससे ज्यादा कड़ी मेहनत करने को प्रेरित करते हैं।
बालीवुड शहशांह अमिताभ बच्चन के साथ द लास्ट लीयर में काम कर चुके रामपाल अपने कालेज के दिनों में काफी शर्मीले थे और उन्होंने कभी भी थिएटर नहीं किया था। उन्होंने कहा, मैं कालेज में काफी शर्मीला था और मैंने कभी थिऐटर में हिस्सा नहीं लिया। फिल्मों में हीरो बनने की इच्छा कैसे पैदा हुई, इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, मैं माडलिंग किया करता था और इससे काफी ऊब गया था। माडलिंग में सिर्फ एक ही जैसा काम होता था। मेरे पास जो भी पैसे थे, इकट्ठे कर मुंबई चला गया। जहां मुझे अशोक मेहता ने मोक्ष की पेशकश की। मैंने इसे स्वीकार कर लिया। लेकिन यह प्यार इश्क और मोहब्बत के बाद रिलीज हुई।
रामपाल ने कहा, मुझे इसके बाद लगा कि मैं एक्टिंग में अच्छा कर सकता हूं। फिर लगातार फिल्मों का सिलसिला शुरू हुआ। इसी दौरान उन्होंने अपनी पत्नी मेहर जेसिया के साथ एक प्रोडक्शन कपंनी चेसिंग गणेशा फिल्मस भी खोली और 2006 में आई सी यू को प्रोड्यूस किया, लेकिन यह अनुभव उनके लिए काफी निराशानजक रहा।