किसानों की आत्महत्या को पर्दे पर उतारेंगे

किसानों की आत्महत्या को पर्दे पर उतारेंगे

नई दिल्ली। आजादी के पहले किसानों की समस्या को लेकर हिट फिल्म लगान बना चुके मशहूर अभिनेता आमिर खान अब आजादी के बाद उनकी आत्महत्या की पृष्ठभूमि पर फिल्म बना रहे हैं।

आमिर खान प्रोडक्शन की यह नई फिल्म द फालिंग निर्माण के अंतिम चरण में है। किसानों की आत्महत्या जैसे गंभीर एवं संवेदनशील विषय को उठाकर यह फिल्म संवेदनाओं को झकझोर सकती है। आमिर अपनी फिल्मों में इंसानी संवेदनाओं को बड़े सटीक तरीके से साधते रहे हैं।

फिल्म से जुड़े सूत्रों ने बताया कि द फालिंग में किसानों की आत्महत्या की घटनाओं की पृष्ठभूमि तो हैं ही मगर इसमें मीडिया की गैर जरूरी अति सक्रियता और नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षा की भी बखिया उधेड़ी गई है।

फिल्म की निर्देशिका अनुशा रिजवी से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि यह कहना उचित नहीं होगा कि फिल्म का विषय वस्तु किसानों की आत्महत्या ही है। इसके अलावा बहुत कुछ और भी है। आमतौर पर आमिर अपनी फिल्मों के विषय के बारे में बेहद गोपनीयता बरतते हैं। संभवत: इसी कारण से उनकी यूनिट के सदस्य फिल्म की विषय वस्तु को लेकर खुलकर बात करने को तैयार नहीं हैं।

सूत्रों ने बताया कि फिल्म के क्लाईमेक्स में नत्था नाम का किसान आत्महत्या का प्रयास करता है जिसको लेकर विभिन्न टीवी चैनलों और नेताओं की सक्रियता बढ़ जाती है। जहां मीडिया इस घटना का इस्तेमाल अपनी टीआरपी को बढ़ाने के लिए करता है वहीं नेता इस घटना की आड़ में अपनी राजनीति की रोटी सेंकना चाहते हैं।

फिल्म किसानों की आत्महत्या पर घडि़याली आंसू बहाने वालों को धिक्कारती है। स्थानीय दबंग नेता भाई ठाकुर उस किसान का अपहरण कर लेता है और विरोधी नेताओं के बीच गुटबाजी शुरू हो जाती है और अंतत: किसान की स्थिति दयनीय ही बनी रहती है और उसे शहर में मजदूरी करते पाया जाता है।

सूत्रों ने बताया कि फिल्म में नसीरउद्दीन शाह एक केंद्रीय मंत्री की अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा ज्यादातर कलाकार रंगमंच की पृष्ठभूमि के हैं। इन कलाकारों में हबीब तनवीर ग्रुप के भी बहुत सारे कलाकार हैं। फिल्म की शूटिंग भोपाल से लगभग 40 किलोमीटर दूर के गांव में हो चुकी है, जबकि कुछ हिस्से की शूटिंग दिल्ली में भी हुई है। सूत्रों ने बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब इसका संपादन चल रहा है। इसके अलावा डेली बेली और धोबी घाट फिल्मों का भी संपादन चल रहा है। द फालिंग फिल्म के जल्द ही रिलीज किए जाने के आसार हैं।

उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण के दौरान बहुत सोच समझ कर एक एक चरित्र की बारीकी को ध्यान में रखकर अभिनेताओं का चयन किया गया और उनके रिहर्सल पर जोर दिया गया ताकि कैमरा के एक बार शुरू होने पर एक पूरे दृश्य को एक ही बार में फिल्माया जा सके। फिल्म की लेखिका और निर्देशक अनुशा रिजवी हैं जबकि कलाकारों के जमघट में एनएसडी, हबीब तनवीर ग्रुप के काफी अभिनेता हैं। फिल्म का ट्रीटमेंट काफी वास्तविक है। हो सकता है कि किसानों के आत्महत्या के मुरझाते विषय को यह फिल्म नए सिरे से ताजा कर दे।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित