
कुआलालंपुर। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान मलेशिया में जुलाई में प्रस्तावित एक संगीत कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम का आयोजन बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेट करेंगी।
द मर्चेट्स ऑफ बॉलीवुड नामक कार्यक्रम को लेकर वैभवी अभी से ही उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि मुझे आशा है कि शाहरुख इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मैं उन्हें यहां लाने का पूरा प्रयास करूंगी। मलेशियाई समाचार पत्र द स्टार ने मंगलवार को वैभवी के हवाले से खबर प्रकाशित की है। मलेशिया में शाहरुख काफी लोकप्रिय हैं। वर्ष की शुरुआत में उन्हें यहां सम्मानित भी किया गया था।
द मर्चेट्स ऑफ बॉलीवुड 90 मिनट का संगीत कार्यक्रम होगा, जिसमें 48 गीत होंगे। वैभवी ने कहा कि यह कार्यक्रम उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह केवल संगीत कार्यक्रम नहीं होगा बल्कि यह मेरी जिंदगी की कहानी होगी।
उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड में वैभवी का परिवार कोरियोग्राफी के लिए जाना जाता है। उनके दादा हीरालाल 60 के दशक के मशहूर कोरियोग्राफर थे।