बुद्धम् शरणम् गच्छामि को बिग बी की हां

बुद्धम्  शरणम्  गच्छामि को बिग बी की हां

मुंबई। युवा फिल्मकार  विवेक शर्मा की नई फिल्म बुद्धम्  शरणम्  गच्छामि के लिए अमिताभ बच्चन  ने स्वीकृति दे दी है। विवेक शर्मा ने पहली फिल्म भूतनाथ अमिताभ बच्चन  के साथ बनायी थी।

विवेक खुशी व्यक्त करते हुए कहते हैं, अमिताभ बच्चन  ने बुद्धम्  शरणम्  गच्छामि की स्क्रिप्ट पढ़ी। उन्हें स्क्रिप्ट इतनी पसंद आयी कि उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हां कह दिया। मैंने फिल्म की कहानी उन्हीं को ध्यान में रखकर लिखी थी। उनके सिवाय कोई अन्य कलाकार यह फिल्म नहीं कर सकता था। अमिताभ बच्चन  के फिल्म में दो-तीन शेड्स  हैं। ऐसी भूमिका में उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया है।

विवेक आगे कहते हैं, बुद्धम्  शरणम्  गच्छामि हिंसा पर आधारित फिल्म है। यह फिल्म भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान दिलाएगी। इस फिल्म के प्रदर्शन के बाद लोग हथियार उठाने से पहले सोचेंगे। मैं दर्शकों से वादा करता हूं कि अमिताभ बच्चन  और विवेक शर्मा जब एकजुट होंगे तो अर्थपूर्ण और गुणवत्ता वाली फिल्म देखने को मिलेगी।

गौरतलब है, विवेक शर्मा फिल्म बुद्धम्  शरणम्  गच्छामि से निर्माता बनने जा रहे हैं। यह उनके बैनर फिल्मजोन  की पहली फिल्म है। विवेक बताते हैं, बुद्धम्  शरणम्  गच्छामि मल्टी स्टारर  फिल्म है। इसमें कई और बड़े कलाकार होंगे। फिल्म का प्री प्रोडक्शन  कार्य सितंबर माह से आरंभ होगा। वर्ष 2010  में गांधी जयंती के अवसर पर इस फिल्म को प्रदर्शित करने की योजना है।

-रघुवेन्द्र सिंह

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित