
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान और अभिनेता शाइनी आहूजा इन दिनों गोवा में अपनी नई फिल्म की गुपचुप शूटिंग कर रहे हैं।
फिल्म खोया खोया चांद से एक जोड़ी के रूप में रजतपट पर कदम रखने वाले ये कलाकार अब प्रीतिश नंदी कम्युनिकेशंस (पीएनसी) की फिल्म में साथ आ रहे हैं। हालांकि अभी इस फिल्म के नाम की घोषणा नहीं की गई है लेकिन इसका नाम एक्सिडेंट हो सकता है। इस संबंध में नंदी ने कहा कि आपको इसके बारे में कैसे पता चला। हां हम सोहा और शाइनी के साथ गोवा में शूटिंग कर रहे हैं और इस फिल्म का नाम एक्सिडेंट हो सकता है।
फिल्म का निर्देशन बांग्ला निर्देशक अभिजीत चौधरी कर रहे हैं जिनकी बांग्ला फिल्म पातालघर को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। नंदी ने बताया कि मंदी के इस दौर में जब फिल्मों को वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है उन्होंने फिल्म की शूटिंग जोरशोर से करने के बजाय इसे चुपचाप करने को ही प्राथमिकता दी।
फिल्म की शूटिंग चुपचाप किए जाने के पीछे एक और कारण यह है कि फिल्म थ्रिलर है और निर्माता नहीं चाहते कि फिल्म की कहानी का राज पहले ही दर्शकों तक पहुंच जाए।