
मुंबई। फिल्मकार मधुर भंडारकर का कहना है कि उन्होंने कम समय में ही अपनी आगामी फिल्म जेल की शूटिंग पूरी की है। उन्होंने कहा कि जेल सबसे कम वक्त में तैयार होने वाली फिल्म होगी।
भंडारकर को आशा है कि यह फिल्म सितंबर-अक्टूबर तक सिनेमाघरों तक पहुंच जाएगी। फिल्म की शूटिंग संबंधी कार्य लगभग 60 फीसदी पूरा हो चुका है। भंडारकर ने कहा कि फिल्म की शूटिंग सबसे कम समय में हुई है। मैंने अभी तक इतने कम समय में अपनी किसी भी फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं की थी। भंडारकर ने कहा कि मई के अंत तक फिल्म का काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि फिल्म के प्रदर्शन की तिथि अभी तक तय नहीं हुई है।
फिल्म जेल में मुख्य भूमिका में अभिनेता नील नीतिन मुकेश नजर आएंगे। उनके अलावा मनोज बाजपेयी और मुग्धा गोडसे भी पर्दे पर दिखेंगी।