
नई दिल्ली। वरिष्ठ वकीलों का कहना है कि फिल्मकार रामगोपाल वर्मा की फिल्म रण में जिस गाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ है वह कानूनी रूप से किसी अपराध की श्रेणी में नहीं आता।
वकील ललित भसीन ने कहा कि फिल्म में कहीं भी राष्ट्रगान या ध्वज का अपमान नहीं हुआ है। अगर कोई राष्ट्रगान का अपमान करने जैसी कोई हरकत करता है तो उसे सजा नहीं हो सकती है क्योंकि इसके लिए कोई कानून नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय की वकील पिंकी आनंद कहती हैं कि मैं नहीं समझती कि इस पर क्यों विवाद खड़ा हो रहा है जब कानूनी तौर पर यह अपराध नहीं है। मैंने गाना सुना है और उसमें राष्ट्रगान का किसी तरह से अपमान नहीं किया है। गौरतलब है कि फिल्म में जन गण मन रण है को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में हैं।