
मुंबई। अभिनेता शाहिद कपूर बॉलीवुड के प्रतिष्ठित बैनर यशराज फिल्म्स के पसंदीदा नायक बन गए हैं। यही वजह है कि इस बैनर के साथ उनकी पहली फिल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई कि दूसरी फिल्म के लिए उनको साइन कर लिया गया।
यशराज के साथ शाहिद की पहली फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं और इसमें उनके साथ रानी मुखर्जी हैं। पहले इस फिल्म का शीर्षक हडि़प्पा था जो क्रिकेट की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई गई है। शाहिद ने इस बनर के साथ जो दूसरी फिल्म साइन की है उसका निर्देशन अभिनेता परमीत सेठी करेंगे। परमीत इस फिल्म के साथ ही अपनी निर्देशन पारी की शुरुआत करेंगे।
एक सूत्र का कहना है कि यशराज फिल्म्स शाहिद के भीतर एक ऐसे क्लासिक रोमांटिक नायक की तस्वीर देखता है जो वक्त पड़ने पर आकर्षक और व्यापक अभिनय क्षमता वाले कलाकार की भूमिका भी निभा सकता है।