
मुंबई। अभिनेता संजय दत्त अपनी आने वाली फिल्म आल द बेस्ट..फन बिगेन्स में राकिंग अवतार में नजर आएंगे। इस फिल्म में पहली दफा मुन्नाभाई ड्रम बजाते हुए दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्माण अजय देवगन फिल्म्स ने किया है और इसका निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है। इसमें संजय दत्त एक अलग लुक में नजर आएंगे जिसे आलिम ने तैयार किया है।
फिल्म के एक गाने में पहली बार संजय दत्त ड्रम बजाते हुए दिखाई देंगे जिसका नृत्य निर्देशन बास्को कैसर ने किया है। शेट्टी ने कहा कि मैंने उनके लिए मुंबई से दो प्रशिक्षकों को बुलाया ताकि वह इंस्ट्रूयूमेंट को अनुभव कर सकें। लेकिन संजय ने हमें उस वक्त चौंका दिया जब कहा कि वह खुद कर सकते हैं। उन्होंने सभी को एक टेक में शाट देकर प्रभावित कर दिया। उन्होंने बताया कि इंस्ट्रूमेंट के साथ संजय सहज थे और उन्होंने अपने पहले ही टेक में बेहतरीन शाट दे दिया। इस फिल्म में संजय दत्त लंदन के रईस व्यावसाई के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा इस फिल्म में अजय देवगन, फरदीन खान, बिपाशा बसु और मुग्धा गोडसे भी हैं।
फिल्म के दूसरे शेडयूल की शूटिंग इस वक्त गोवा में हो रही है और फिलम के रिलीज होने की तिथि 16 अक्टूबर रखी गई है।