
मुंबई। एक दिन के लिए शिक्षक बने बालीवुड के वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर ने कहा कि अभिनय में सारा प्रयास इस पर होना चाहिए कि आप सहज और स्वाभाविक दिखें।
ऋषि कपूर यहां फिल्मकार सुभाष घई द्वारा स्थापित फिल्म संस्थान व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल के छात्रों के लिए आयोजित मास्टर क्लासेज के दौरान बोल रहे थे। अपनी पहली फिल्म बाबी की शूटिंग के दौरान हुई घटना को याद करते हुए कपूर ने कहा कि वह चाहते थे कि डांस मास्टर जैसे पेशेवर उन्हें प्रशिक्षित करें। उन्होंने कहा कि लेकिन वहां कोई नहीं था। मैंने अपने निर्देशक एवं पिता राज कपूर से दिशा निर्देश देने का अनुरोध किया। इस पर उनके पिता ने कहा कि तुम यह नहीं जानते कि तुम कहां बेहतर कर सकते हो और वही तुम्हारी अपनी स्टाइल होगी। अपनी व्यक्तिगत पहचान बनाओं वही तुम्हारी पूंजी होगी।